Fact Check: बिहार विधानसभा में तेजस्वी यादव व सम्राट चौधरी के आमने-सामने आने के दावे से वायरल वीडियो पुराना है
बिहार विधानसभा में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी के आमने-सामने आने के दावे से वायरल वीडियो बिहार चुनाव से पहले जुलाई 2025 का है। इसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 4, 2025 at 03:17 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में अवैध अतिक्रमण पर हो रही बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बिहार विधानसभा में हंगामे को देखा जा सकता है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बिहार विधानसभा में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ तेजस्वी यादव सम्राट चौधरी को मारने के लिए उठ गए।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि बिहार विधानसभा में हंगामे का यह वीडियो चुनाव से पहले का है। मानसून सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के बीच बहस हुई थी। उसके बाद वहां हंगामे की स्थिति बन गई थी। उस वीडियो को हालिया बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर meraj_ansari0101 ने 29 नवंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “बिहार विधानसभा, बिहार में बुलडोजर बाबा सम्राट चौधरी, सम्राट चौधरी को मारने उठ गए तेजस्वी यादव।“
वीडियो के साथ में यूजर ने नहीं लिखा है, “सम्राट चौधरी को मारने उठ गए तेजस्वी यादव, बुलडोजर के लिए“।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स अकाउंट FirstBiharJharkhand पर 24 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो से संबंधित वीडियो को अपलोड किया गया है। पोस्ट की जानकारी के अनुसार, “बिहार विधानसभा में गाली-गलौज, विपक्षी विधायकों की ओर दौड़ पड़े सत्ताधारी विधायक, मारपीट के माहौल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सुरक्षा घेरे में सदन से बाहर ले जाया गया।”
वायरल और एक्स हैंडल पर पोस्ट किए गए वीडियो को देखने से पता चलता है कि एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो को जूम करके अपलोड किया गया है।

इंस्टाग्राम अकाउंट jaihindtimes.in पर भी इस वीडियो को 25 जुलाई 2025 को पोस्ट करते हुए इसे बिहार विधानसभा चुनाव में हुए हंगामे का बताया गया है।

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि पुराना है।
फर्स्ट बिहार की वेबसाइट पर 24 जुलाई 2025 को इससे संबंधित खबर छपी है। इसके मुताबिक, “बिहार विधानसभा के सत्र में चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर चर्चा के दौरान हंगामा हो गया। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बोल रहे थे, तो उनको डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और बीजेपी-जेडीयू के कई विधायकों से बहस हो गई। इस बहस में सम्राट चौधरी के शामिल होने पर माहौल गरमा गया। सदन के भीतर मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। माहौल गरमाने पर सीएम नीतीश कुमार को सुरक्षा घेरे में सदन से बाहर निकाला गया।”

प्रभात खबर की वेबसाइट पर भी 24 जुलाई 2025 को इस हंगामे की खबर छपी है। इसके मुताबिक, “बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी के बीच तीखी बहस हुई। इसमें व्यक्तिगत हमले और तंज से सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया।”
बिहार में नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

ईटीवी भारत की वेबसाइट पर 4 दिसंबर को छपी खबर के अनुसार, “बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है। पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली, जबकि दूसरे दिन प्रेम कुमार सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए। तीसरे दिन राज्यपाल का अभिभाषण हुआ और पूरक बजट पेश किया गया। चौथे दिन जदयू विधायक नरेंद्र नारायण यादव को 18वीं विधानसभा का उपाध्यक्ष पद सौंपा गया है।”
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 3 दिसंबर को छपी खबर के मुताबिक, “बिहार में अतिक्रमण पर बुलडोजर की कार्रवाई जारी है। विपक्ष इसको लेकर हमलावर है। पटना समेत कई जिलों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है।”
इस बारे में हमने पटना में दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस सत्र में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।
पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 14 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बिहार विधानसभा में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी के आमने-सामने आने के दावे से वायरल वीडियो बिहार चुनाव से पहले जुलाई 2025 का है। इसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार विधानसभा में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ तेजस्वी यादव सम्राट चौधरी को मारने के लिए उठ गए।
- Claimed By : Insta User- meraj_ansari0101
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












