Fact Check: CJP ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को समर्थन दिया है, लेकिन सौरव दास के शामिल होने का दावा गलत
झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन में सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास के शामिल होने का दावा गलत है। हालांकि, सीजेपी ने इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है, लेकिन वायरल वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 11, 2026 at 06:58 PM
- Updated: Aug 12, 2026 at 11:08 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रांची में ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (JPSC) और ‘झारखंड कर्मचारी चयन आयोग’ (JSSC) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। 10 अगस्त 2026 को हुए ‘विधानसभा मार्च’ के दौरान पुलिस ने छात्रों पर बल प्रयोग किया था। इस बीच इस प्रदर्शन से जोड़कर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस वैन पर चढ़कर प्रदर्शनकारियों से शांत रहने की अपील करते दिख रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।
विश्वास न्यूज ने इस वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि सौरव दास झारखंड में किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए हैं। वायरल वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन का है। हालांकि, सीजेपी ने झारखंड में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है और उनका एक प्रतिनिधिमंडल रांची पहुंचकर छात्रों से मिला भी है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Anita Yadav’ ने एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “झारखंड के युवाओं की गूंज हुई और तेज। JSSC-CGL और छात्रों के अधिकारों की इस लड़ाई में अब युवाओं की आवाज सौरभ दास भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन में शामिल हो गए हैं। उनके इस समर्थन से झारखंड के युवाओं का हौसला और बुलंद हो गया है। जब तक युवाओं को उनका हक नहीं मिलता, यह संघर्ष यूं ही जारी रहेगा!”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले पूरे वीडियो को देखा और इसका ऑडियो सुना। इसमें सौरव दास प्रदर्शन कर रहे लोगों से बैठने की अपील करने के साथ ही कह रहे हैं, “यह सब गुंडागर्दी पुलिस वालों ने किया था 20 तारीख को। याद है ना आपको कैसी गुंडागर्दी की थी पुलिस वालों ने? लेकिन…हम वैसे नहीं होंगे, हम गुंडे नहीं हैं, हम पढ़े-लिखे लोग हैं। हमें वह एग्जांपल बनाना है…।”
वीडियो में सौरव दास 20 तारीख की बात कर रहे हैं, जबकि झारखंड में छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज 10 अगस्त 2026 को हुआ था। इससे हमें यह संकेत मिला कि यह वीडियो पुराना है। हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया, तो हमें यूट्यूब चैनल ‘Seamantalks’ पर 23 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इसमें सौरव दास और सीजेपी के दूसरे प्रवक्ता आशुतोष रांका को देखा जा सकता है। इसमें सौरव भीड़ को संबोधित करते दिख रहे हैं।
इस यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया वीडियो वायरल वीडियो से अलग है, लेकिन इसमें भी सौरव दास और उनके साथ खड़े आशुतोष रांका को देखा जा सकता है। दोनों वीडियो में सौरव और आशुतोष पुलिस वैन पर खड़े दिख रहे हैं और उनके पीछे दिख रही इमारत भी एक ही है। इससे पता चलता है कि वायरल वीडियो पुराना है।

इंस्टाग्राम यूजर ‘ridewithahmad’ ने 23 जुलाई 2026 को कुछ तस्वीरें पोस्ट की थीं। इनमें पुलिस वैन पर बैठे सौरव दास और आशुतोष रांका की फोटो भी है। यूजर ने इसे 22 जुलाई 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन की तस्वीर बताया है।

फेसबुक यूजर ‘Nyaay Khabari Manch’ ने वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो 23 जुलाई 2026 को शेयर किया था, जिसमें आशुतोष और सौरव पुलिस वैन पर दिख रहे हैं। यूजर ने इसे दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन का बताया था।

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन को कवर करने वाले ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर नेमिश हेमंत से संपर्ककर उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने हमें बताया कि यह झारखंड का नहीं, बल्कि दिल्ली में हुए छात्रों के प्रदर्शन के दौरान का है।
उस समय वहां मौजूद स्वतंत्र फोटो जर्नलिस्ट सलमान अहमद ने भी कहा कि यह वीडियो दिल्ली का है।
इसके बाद हमने संबंधित कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया कि क्या सौरव दास झारखंड प्रदर्शन में पहुंचे हैं या नहीं, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें सौरव दास के झारखंड के प्रदर्शन में पहुंचने की जानकारी हो।
सौरव दास के एक्स हैंडल और सीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट से भी इस तरह की कोई जानकारी पोस्ट नहीं की गई है।
क्या है संदर्भ?
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं को रद करने की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। 10 अगस्त 2026 को उन्होंने झारखंड विधानसभा तक मार्च निकालने का एलान किया था। ‘बीबीसी‘ की 10 अगस्त 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, रांची में विधानसभा मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक टकराव हुआ। इस बीच पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठियों का इस्तेमाल किया। वहीं, इस आंदोलन के नेता देवेंद्र नाथ महतो को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया । झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने छात्रों से बातचीत के साथ सभी मुद्दों के समाधान की अपील की है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बात की। 10 अगस्त 2026 को की गई दीपके की एक एक्स पोस्ट में महतो के समर्थन की बात कही गई थी।
सीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट से 8 अगस्त 2026 को एक वीडियो पोस्ट करके जानकारी दी गई कि रांची में छात्रों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए सीजेपी के सदस्य पहुंचे हैं।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। उत्तर प्रदेश के अकबरपुर की रहने वाली फेसबुक यूजर के करीब छह हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन में सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास के शामिल होने का दावा गलत है। हालांकि, सीजेपी ने इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है, लेकिन वायरल वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का है।
- Claim Review : सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।
- Claimed By : FB Post- Anita Yadav
- Fact Check : झूठ
- Video of YT Seamantalks, Dated 23 Jul 2026
- Insta Post of ridewithahmad, Dated 23 Jul 2026
- FB Post of Nyaay Khabari Manch, Dated 23 Jul 2026
- X Account of Saurav Dass
- Insta Account of CJP
- News Report of BBC, Dated 10 Aug 2026
- X Post of Abhijeet Dipke, Dated 10 Aug 2026
- Insta Post of CJP, Dated 8 Aug 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












