Fact Check: रांची में जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच झारखंड कांग्रेस प्रमुख से दीपके की मुलाकात का दावा FAKE
रांची में छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष से कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के मिलने का दावा फेक है। इस दावे से वायरल तस्वीर में दीपके के साथ नजर आ रहे व्यक्ति महाराष्ट्र कांग्रेस के स्थानीय नेता बाबाजानी दुर्रानी हैं।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Aug 7, 2026 at 06:39 PM
- Updated: Aug 10, 2026 at 02:06 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) की अगुवाई में हुए छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब झारखंड में भी छात्रों का विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया है, जिसे लेकर वहां की विधानसभा में भी घमासान की स्थिति है। रांची में ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (जेपीएससी) और ‘झारखंड कर्मचारी चयन आयोग’ (जेएसएससी) भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि इस विरोध-प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने झारखंड कांग्रेस के प्रमुख से मुलाकात की है। इस दावे के साथ एक तस्वीर को भी शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। रांची में जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच झारखंड कांग्रेस प्रमुख से अभिजीत दीपके की मुलाकात का दावा गलत है। वायरल तस्वीर में दीपके के साथ नजर आ रहे व्यक्ति महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता बाबाजानी दुर्रानी हैं।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Worldwirenews’ ने वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा, “BREAKING | Political Buzz in Jharkhand! Abhijeet Dipke’s meeting with the State Congress President has sparked fresh political discussions amid the ongoing Jharkhand student protests. Is this just a courtesy meeting or the beginning of a bigger political development? What’s your opinion? Share your thoughts in the comments”
(“”ब्रेकिंग | झारखंड में सियासी हलचल! झारखंड में छात्रों के जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच अभिजीत दिपके की राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के साथ हुई मुलाकात ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दिया है। क्या यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात है या किसी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की शुरुआत? आपकी क्या राय है? कमेंट्स में अपनी बात बताएं।””)

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट मिलीं, जिनमें झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र है। 7 अगस्त 2026 की ‘प्रभात खबर’ की रिपोर्ट के मुताबिक, JPSC-JSSC उम्मीदवारों के विरोध-प्रदर्शन के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “वे छात्रों की हर बात सुनने के लिए तैयार हैं।”
प्रभात खबर की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, “झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी जेपीएससी-जेएसएससी (JPSC-JSSC) धांधली मामले को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने सदन के बाहर और भीतर सरकार को जोरदार तरीके से घेरा।”
कई अन्य रिपोर्ट्स में भी इस प्रदर्शन का जिक्र है। हालांकि, सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष के कॉकरोच जनता पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके से मिलने का जिक्र हो। अगर इन दोनों की मुलाकात हुई होती, तो यह खबर मीडिया में कई जगह मौजूद होती।
विश्वास न्यूज ने इस मामले को लेकर झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “उनकी और अभिजीत दीपके की कोई मुलाकात नहीं हुई है।”
इसके बाद हमने वायरल तस्वीर में नजर आ रहे व्यक्ति को सर्च किया। रिवर्स इमेज सर्च में हमें यह फोटो ‘बाबाजानी दुर्रानी’ नाम के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर मिला, जिसे 4 अगस्त 2026 को साझा किया गया था।
इस वीडियो में बाबाजानी दुर्रानी को अभिजीत दीपके का स्वागत करते हुए देखा जा सकता है। प्रोफाइल पेज के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, बाबाजानी दुर्रानी महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता हैं और 2004 से 2009 के बीच पथरी-सेलु के विधायक रह चुके हैं। फिलहाल वे परभनी से कांग्रेस के प्रेसिडेंट हैं।

‘मायनेता.इन्फो’ (MyNeta) की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, उनका वास्तविक नाम ‘अब्दुल्ला खान लतीफ खान दुर्रानी’ (बाबाजानी) है।
‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक, “अब्दुल्ला खान लतीफ खान दुर्रानी (बाबाजानी) 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में परभणी जिले के पथरी निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं।”
क्या है संदर्भ?
झारखंड की राजधानी रांची में JPSC (झारखंड लोक सेवा आयोग) और JSSC (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग) भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का भारी विरोध-प्रदर्शन चल रहा है।
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, यह आंदोलन रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 25 जुलाई से लगातार जारी है। छात्र देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में कई छात्र यहां अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले पेज को फेसबुक पर करीब 300 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। इस पेज से आमतौर पर खबरों को ही शेयर किया जाता है। छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: रांची में छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष से कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की मुलाकात का दावा फेक है। इस दावे से वायरल तस्वीर में दीपके के साथ नजर आ रहे व्यक्ति महाराष्ट्र कांग्रेस के स्थानीय नेता बाबाजानी दुर्रानी हैं।
- Claim Review : रांची में जारी छात्र आंदोलन के बीच झारखंड कांग्रेस चीफ से मिले सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके।
- Claimed By : FB User-Worldwirenews
- Fact Check : झूठ
- News Reports of Prabhat Khabar, Dated 7 Aug 2026
- ABDULLAH KHAN LATIF KHAN DURRANI (BABAJANI) Profile (myneta.info)
- Video Posted by Babajani Durrani's Insta Handle, Dated 4 Aug 2026
- Insta profile of President, Jharkhand Pradesh Congress Committee
- Video Report of Mint, Dated 6 Aug 2026
- Video Report of NDTV, Dated 5 Aug 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












