Fact Check: ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान के बाद कंगना रनौत से मारपीट का दावा फेक
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हाल ही में टीएमसी नेता की बेटी पर हमला हुआ था। उस घटना के वीडियो को कंगना रनौत का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 3, 2026 at 03:54 PM
- Updated: Aug 4, 2026 at 05:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश के कई हिस्सों में पूर्व केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए थे। इस दौरान इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने ‘जेन-जी’ को ‘गटर जेनरेशन’ कहा था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कार से उतरने के बाद एक महिला पर कई लोग हमला कर देते हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि कंगना के आपत्तिजनक बयान के बाद महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यह फेक पोस्ट है। कंगना के साथ मारपीट का दावा झूठा है और वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी का है। वहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक नेता की बेटी पर हमला हुआ था।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘cockroachjantaparty.raj.india’ ने 2 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “‘(Gen Z)’ पर बयान के बाद बढ़ा विवाद, कार से उतरते ही कंगना रनौत को महिलाओं ने घेरा, कथित थप्पड़बाज़ी।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर कीवर्ड से कंगना पर हमले के बारे में न्यूज सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
इसके बाद हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक यूजर ‘Truth Of Bengal‘ ने 31 जुलाई 2026 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे टीएमसी नेता की बेटी पर हुए हमले का बताया।

‘abpanandatv’ के इंस्टाग्राम अकाउंट से 30 जुलाई 2026 को इस वीडियो को टीएमसी नेता की बेटी पर हमले का बताकर पोस्ट किया गया था।

इस बारे में कीवर्ड से सर्च करने पर हमें पश्चिम बंगाल के न्यूज पोर्टल ‘eisamay’ पर छपी खबर का लिंक मिला। इसके अनुसार, “जलपाईगुड़ी कोतवाली पुलिस स्टेशन के सामने 30 जुलाई 2026 को तृणमूल नेता कृष्णा दास की बेटी प्रणयता दास कोर्ट के आदेश पर जांच अधिकारी के सामने पूछताछ के लिए पहुंची थीं। जैसे ही प्रणयता की कार पुलिस स्टेशन में दाखिल हुई, उन पर अंडे फेंके गए। कार से बाहर निकलते ही उनके बाल खींचे गए। पुलिस किसी तरह उन्हें पुलिस स्टेशन के अंदर ले गई। कृष्णा दास ने जलपाईगुड़ी सदर विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। उनकी बेटी प्रणयता जलपाईगुड़ी जिला परिषद में शिक्षा अधिकारी हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि चुनाव नतीजों के ऐलान के अगले दिन कृष्णा, उनकी बेटी और उनके समर्थकों ने बीजेपी के छह कार्यकर्ताओं पर हमला किया था। आरोप है कि वे तब से ही फरार थे।”

इस बारे में हमने जलपाईगुड़ी के स्थानीय न्यूज पोर्टल ‘जलपाईगुड़ी न्यूज’ के संपादक पिनाकी रंजन पाल से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो टीएमसी नेता कृष्णा दास की बेटी पर हुए हमले का है। यह कंगना रनौत का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
नीट समेत अन्य परीक्षाओं में धांधली को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले आंदोलन हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में जेन-जी शामिल हुए थे। कंगना रनौत ने आंदोलन में इस्तेमाल की गई भाषा और रील्स पर आपत्ति जताते हुए जेन-जी को ‘गटर जेनरेशन’ कहा था। उन्होंने कहा था, “मैंने अपनी ज़िंदगी में इतना अजीब और इतना बुरा कुछ नहीं देखा है। इन्हें किसने जन्म दिया है, कौन इनका पालन-पोषण कर रहा है? यह गटर की पीढ़ी है। ये लड़कियां अच्छी गृहिणी भी नहीं बन सकतीं।” बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस बयान पर हुए विवाद के बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा था, “मैंने कुछ प्रदर्शनकारियों के अनैतिक, गटरछाप व्यवहार और छोटे-बुज़ुर्गों व महिलाओं के सामने अश्लील आचरण को सामान्य बनाने का विरोध किया था। हमारा समाज इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा, क्योंकि हमें नहीं लगता कि हमारे घर के बच्चे अश्लील व्यवहार करें या ऐसा कुछ करें, जिससे घर के बुज़ुर्गों को शर्म से सिर झुकाना पड़े। इस तरह के व्यवहार को बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा और न ही इसे सामान्य बनाया जाएगा।”
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर का अकाउंट मई 2026 में बना है और इसके 59 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हाल ही में टीएमसी नेता की बेटी पर हमला हुआ था। उस घटना के वीडियो को कंगना रनौत का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : कंगना के आपत्तिजनक बयान के बाद महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की।
- Claimed By : Insta User- cockroachjantaparty.raj.india
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












