Fact Check : दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का नहीं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संगीता मिश्रा का है यह डांस वाला वीडियो
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के नाम पर वायरल डांस के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला डांसर बीजेपी नेता रेखा गुप्ता नहीं, बल्कि एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संगीता मिश्रा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Feb 20, 2025 at 05:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता के दिल्ली की मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद से ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला को आइटम सॉन्ग पर डांस करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो में नजर आ रही बीजेपी नेता रेखा गुप्ता नहीं, बल्कि एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संगीता मिश्रा है। दुष्प्रचार की मंशा से इन्फ्लुएंसर के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘पवन कुमार सोनीजी’ ने 20 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, इसे दिल्ली की मुख्य•मंत्री बनाया है या मु**8 • मंत्री ये चीफ नहीं, ची* मिनिस्टर है जीमोगली की कसम ये तो न** भां* है गालीबाज लु** टपो** है जी।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो sangeeta_mishra05 नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 17 फरवरी 2025 को शेयर किया गया था। अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि संगीता एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और वो इस तरह के डांस वीडियो को शेयर करती रहती हैं। उनके अकाउंट पर इस तरह के डांस के कई अन्य वीडियो मौजूद हैं।


जांच के दौरान हमें संगीता मिश्रा का यूट्यूब चैनल भी मिला। उन्होंने यूट्यूब पर भी इस तरह के डांस के वीडियो को शेयर किया हुआ है।

दोनों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने बीजेपी प्रवक्ता डॉक्टर विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने दावे को गलत बताया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के नाम पर वायरल डांस के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला डांसर बीजेपी नेता रेखा गुप्ता नहीं, बल्कि एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संगीता मिश्रा है। दुष्प्रचार की मंशा से इन्फ्लुएंसर के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : आइटम सॉन्ग पर डांस करते दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का वीडियो।
- Claimed By : FB User पवन कुमार सोनीजी
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












