Fact Check: पंजाब में पूर्व भाजपा विधायक अरुण नारंग को पीटे जाने का वीडियो पांच साल पुराना है, हाल का नहीं
पूर्व भाजपा विधायक अरुण नारंग के साथ मारपीट की घटना का यह वीडियो मार्च 2021 का है। सितंबर 2023 में उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी। वीडियो को वायरल कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 8, 2026 at 04:37 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिसकर्मियों को एक नग्न व्यक्ति को कुछ लोगों से बचाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि पंजाब में लोगों ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरुण नारंग को पीटा है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा भ्रामक निकला। दरअसल, वायरल वीडियो करीब पांच साल पुराना है। उस समय के भाजपा विधायक पर उग्र किसानों ने हमला कर दिया था। कृषि कानूनों का प्रदर्शनकारी विरोध कर रहे थे। यह घटना मार्च 2021 की है। इसके बाद सितंबर 2023 में नारंग ने आम आदमी पार्टी (आप) ज्वाइन कर ली थी।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Vipin Sharma’ ने 7 अप्रैल 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “भाजपा विधायक अरुण नारंग को पंजाब के किसानों ने नंगा करके पीटा भाजपा विधायक सांसदों की छवि दिन पे दिन ऐसे ही पुरस्कार मिलते रहें ऐसी होती जा रही है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। ‘News18 Punjab’ के यूट्यूब चैनल पर 28 मार्च 2021 को इस वीडियो से संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया था। इसमें वायरल क्लिप के हिस्से को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “पंजाब के मलोट में लोगों ने भाजपा विधायक अरुण नारंग की पिटाई कर दी और कपड़े फाड़ दिए। अबोहर से विधायक अरुण नारंग कैप्टन सरकार (कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस सरकार) की आलोचना करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस बीच किसानों ने वहां धावा बोल दिया।”
एबीपी लाइव की वेबसाइट पर 28 मार्च 2021 को छपी खबर के अनुसार, “तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कथित तौर पर पंजाब के मुक्तसर के मलोट शहर में भाजपा विधायक अरुण नारंग को पीटा, उनके कपड़े फाड़ दिए और उन पर काली स्याही फेंक दी। यह घटना तब हुई, जब नारंग मुक्तसर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। यह कार्यक्रम पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए आयोजित किया गया था।” खबर में वीडियो के कीफ्रेम को भी देखा जा सकता है।

‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर 27 मार्च 2021 को इससे संबंधित रिपोर्ट को पब्लिश किया गया है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 20 सितंबर 2023 को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, ”पूर्व विधायक अरुण नारंग आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए। वह 2022 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े थे, जिसमें वह हार गए थे।”

इस बारे में दैनिक जागरण चंडीगढ़ के मुख्य संवाददाता राजेश ढल का कहना है कि वायरल वीडियो पुराना है और हाल में ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।
इससे पहले यह वीडियो अन्य दावे से वायरल हुआ था, जिसकी पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है।
वीडियो को भ्रामक दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। दिल्ली में रहने वाले यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं और वह जून 2014 से इस प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं।
निष्कर्ष: पूर्व भाजपा विधायक अरुण नारंग के साथ मारपीट की घटना का यह वीडियो मार्च 2021 का है। सितंबर 2023 में उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी। वीडियो को वायरल कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : पंजाब में लोगों ने हाल ही में भाजपा विधायक अरुण नारंग को पीटा है।
- Claimed By : FB User- Vipin Sharma
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












