Fact Check: हिमंत बिस्वा ने नहीं दिया सानिया मिर्जा के बेटे की नागरिकता को लेकर बयान, फर्जी पोस्ट फिर हुई वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि सानिया मिर्ज़ा के बेटे की नागरिकता को लेकर वायरल हो रहा बयान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने नहीं दिया है। यह पोस्ट उनके नाम से बनाए गए एक ‘सटायर’ अकाउंट से की गई थी, जिसे अब डिलीट किया जा चुका है। मुख्यमंत्री के आधिकारिक एक्स हैंडल पर ऐसी कोई पोस्ट मौजूद नहीं है। पुरानी फर्जी पोस्ट को एक बार फिर से वायरल किया जा रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Dec 16, 2025 at 03:37 PM
- Updated: Dec 16, 2025 at 05:39 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत की पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को लेकर सोशल मीडिया पर एक बार फिर से पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने कहा है कि सानिया मिर्जा और उनके बच्चे को हिन्दुस्तान की नागरिकता नहीं लेने दी जाएगी।
विश्वास न्यूज एक बार पहले भी इस पोस्ट की जांच कर चुका है। यह फर्जी साबित हुआ। इस पोस्ट को कई साल पहले हिमंत बिस्वा के नाम से बने पैरोडी अकाउंट से किया गया था। बाद में यह हैंडल भी डिलीट हो गया। हेमंत बिस्वा ने कभी भी सानिया मिर्जा को लेकर वायरल बयान नहीं दिया।
क्या है वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर rkofficialchannel21 (आर्काइव लिंक) ने 10 दिसंबर 2025 एक पोस्ट में लिखा “सानिया मिर्जा और शोएब मलिक का तलाक हो गया है. शोएब ने पाकिस्तानी अभिनेत्री सना जावेद के साथ तीसरा निकाह कर लिया है. इस बीच असम के सीएम हिमंता बिस्वा सर्मा ने विवादित बयान दिया है. हिमंता बिस्वा सर्मा ने ट्वीट किया है- सानिया मिर्ज़ा और उसके “पाकिस्तानी बच्चे” को किसी कीमत पर हिन्दुस्तान की नागरिकता नहीं देंगे. किसी के बेवकूफियों के नतीजे हिंदुस्तान नहीं झेलेगा.” इस ट्वीट के बाद लोग हिमंता बिस्वा सर्मा को ट्रोल कर रहे हैं। आपकी इस बात पे क्या राय है, जरूर बताएं।”

पड़ताल
विश्वास न्यूज एक बार पहले भी वायरल दावे की जांच कर चुका है। सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल की इस्तेमाल किया गया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जिससे यह साबित हो सके कि असम के मुख्यमंत्री ने सानिया मिर्जा को लेकर ऐसा कोई बयान दिया था।
पिछली पड़ताल के वक्त एक पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ था। उस वक्त वायरल स्क्रीनशॉट वाले एक्स हैंडल को जांचा, तो पता चला था कि इस एक्स हैंडल को डिलीट किया जा चुका है। हैंडल के कैशे वर्जन (आर्काइव लिंक) को चेक करने पर पता चला था कि यह असम के मुख्यमंत्री के नाम से बना सटायर अकाउंट था। इसके बायो में लिखा था, “हिमंता बिस्वा शर्मा – Himanta Bishwa Sharma Satire @HimantaBishwaa”। यह अकाउंट अक्टूबर 2010 में बना था।
असम के मुख्यमंत्री का असली आधिकारिक एक्स हैंडल @himantabiswa है। यह अकाउंट अप्रैल 2010 से सक्रिय है और जुलाई 2016 से वेरिफाइड है। इस अकाउंट को जांचने पर हमें सानिया मिर्जा को लेकर इस तरह की कोई पोस्ट नहीं मिली।
इस बारे में हमने असमिया प्रतिदिन के पत्रकार बिद्युत कुमार शर्मा से भी संपर्क किया था। उनका कहना था, “वायरल स्क्रीनशॉट असम के मुख्यमंत्री के एक्स हैंडल का नहीं है।“
वायरल दावा एक बार पहले भी वायरल हो चुका है और उस समय एक एक्स पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कहा गया था कि असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने यह पोस्ट किया है। विश्वास न्यूज ने उस समय भी इस पोस्ट की पड़ताल की थी। उस समय की गई पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है।
टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा अभी भी भारतीय नागरिक हैं। उन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी के बाद भी कभी भारत की नागरिकता नहीं छोड़ी और वह भारत का प्रतिनिधित्व करती रहीं। उनके बेटे, इज़हान मिर्ज़ा मलिक, का जन्म 2018 में हैदराबाद, भारत में हुआ था। भारतीय नागरिकता कानून के हिसाब से, इज़हान जन्म से भारतीय नागरिकता के पात्र हैं, क्योंकि उनकी माँ (सानिया मिर्ज़ा) भारतीय नागरिक हैं। फिलहाल इज़हान सानिया के साथ दुबई में UAE गोल्डन वीज़ा पर रहते हैं और ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे पता चले कि उन्होंने UAE या किसी और देश की नागरिकता हासिल की है। नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत जन्म से भारतीय नागरिकता देने के नियम समय के साथ बदलते रहे हैं: 26 जनवरी, 1950 के बाद से 1987 तक, भारत में पैदा हुए किसी भी व्यक्ति को स्वचालित रूप से नागरिकता मिल जाती थी; फिर 1987 से 2003 तक, यह ज़रूरी किया गया कि बच्चे के माता-पिता में से कम से कम एक भारतीय नागरिक हो; और 2003 के बाद के नियमों के अनुसार, अब यह ज़रूरी है कि जन्म के समय माता-पिता में से कोई एक भारतीय नागरिक हो और दूसरा अवैध प्रवासी (Illegal Migrant) न हो।
असम के सीएम के नाम से बने सटायर अकाउंट की पोस्ट के स्क्रीनशॉट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर rkofficialchannel21 के 1200 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि सानिया मिर्ज़ा के बेटे की नागरिकता को लेकर वायरल हो रहा बयान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने नहीं दिया है। यह पोस्ट उनके नाम से बनाए गए एक ‘सटायर’ अकाउंट से की गई थी, जिसे अब डिलीट किया जा चुका है। मुख्यमंत्री के आधिकारिक एक्स हैंडल पर ऐसी कोई पोस्ट मौजूद नहीं है। पुरानी फर्जी पोस्ट को एक बार फिर से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने कहा है कि सानिया मिर्जा और उनके बच्चे को हिन्दुस्तान की नागरिकता नहीं लेने दी जाएगी।
- Claimed By : Instagram user rkofficialchannel21
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












