Fact Check: जम्मू-कश्मीर में रोपवे के विरोध में हुए प्रदर्शन के वीडियो को श्रम मंत्री का बताकर झूठा दावा वायरल
जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में पिछले साल नवंबर में रोपवे परियोजना के विरोध में प्रदर्शन हुआ था। उस दौरान पुलिस ने मजदूर संघ के नेता को पकड़ा था, जिसे श्रम मंत्री बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 10, 2025 at 04:31 PM
- Updated: Oct 10, 2025 at 04:52 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के श्रम मंत्री से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर किया जा रहा है। इसमें पुलिसकर्मियों को एक व्यक्ति को पकड़कर ले जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर की पुलिस ने राज्य के श्रम मंत्री को पकड़ा है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में पिछले साल नवंबर में हुए प्रदर्शन का है। इसमें पुलिस ने मजदूर यूनियन के नेताओं को हिरासत में लिया था। वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का नाम सोहन चंद है, जबकि वहां के श्रम मंत्री का नाम सुरिंदर चौधरी है। वायरल वीडियो को शेयर कर गलत दावा किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप टिपलाइन नंबर पर यूजर ने इस वीडियो को जांचने के लिए भेजा। वीडियो को जम्मू-कश्मीर के श्रम मंत्री का बताया गया है।

फेसबुक यूजर Ajay Tiwari ने 4 अक्टूबर को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “यह हैं कश्मीर का श्रम मंत्री। इनकी यह हालत कर दी तो कोई छिपकली, तिलचट्टा तौकीर रजा क्या चीज है?”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर गूगल लेंस से सर्च किया। Jammu Links News यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो को 27 नवंबर 2024 को अपलोड किया गया है। इसके अनुसार, कटड़ा में व्यापारियों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़पों के बाद मजूदर संघ के दो नेताओं को हिरासत में लिया गया है। व्यापारियों ने कटरा शहर से वैष्णो देवी मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे लाइन का विरोध किया था।
NH1 News यूट्यूब चैनल पर भी इस वीडियो को कटड़ा में मजूदर संघ के दो नेताओं भूपिंदर सिंह और सोहन चंद की हिरासत का बताया गया है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 27 नवंबर 2024 को छपी खबर के अनुसार, “श्री माता वैष्णो देवी रोपवे परियोजना के विरोध में कटड़ा में प्रदर्शन तेज हो गए हैं। हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान दो प्रतिनिधियों भूपिंदर सिंह और सोहन चंद को हिरासत में लिया गया है।”

जम्मू-कश्मीर सरकार की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी के पास श्रम एवं रोजगार और कौशल विकास विभाग का कार्यभार भी है।

वायरल वीडियो वाले व्यक्ति और सुरिंदर चौधरी में अंतर साफ देखा जा सकता है।

इस बारे में हमने कटड़ा में दैनिक जागरण के संवाद सहयोगी राकेश शर्मा से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति सोहन चंद है। यह मजदूर यूनियन का नेता है। वीडियो पिछले साल नवंबर में हुए प्रदर्शन का है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 8 अक्टूबर को छपी खबर के मुताबिक, आरोप है कि बरेली में ‘आइ लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर विवाद की आड़ में इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने 26 सितंबर को उपद्रव कराया था। इस मामले में तौकीर पर कानूनी शिकंजा कसा गया है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 5600 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में पिछले साल नवंबर में रोपवे परियोजना के विरोध में प्रदर्शन हुआ था। उस दौरान पुलिस ने मजदूर संघ के नेता को पकड़ा था, जिसे श्रम मंत्री बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : जम्मू-कश्मीर की पुलिस ने राज्य के श्रम मंत्री को पकड़ा है।
- Claimed By : FB User- Ajay Tiwari
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












