Fact Check: जया बच्चन ने नहीं की राहुल गांधी की अलोचना, वायरल बयान फर्जी
राहुल गांधी और इंडी गठबंधन को लेकर जया बच्चन ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। वायरल दावा गलत है। फर्जी बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 5, 2025 at 02:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन के नाम से एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि जया बच्चन ने लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी की अलोचना की है और उन्हें मानसिक रूप से बीमार बताया है। वायरल पोस्ट के अनुसार जया बच्चन ने कहा है कि भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडी गठबंधन) की बागडोर अब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को दे देनी चाहिए।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। जया बच्चन की ओर से इस तरह का कोई बयान नहीं दिया गया है। फर्जी बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Anand Shrivastava’ ने 2 दिसंबर 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इस को कहते है सठीआना क्योंकि जब कोई सठीया जाता है तभी ऐसी बातें करने लगता है। जय श्री राम”
जया बच्चन की फोटो के साथ पोस्ट में पर लिखा हुआ है, “मुझे राहुल गांधी मानसिक तौर पर बीमार लगते हैं, अब इंडी गठबंधन की बागडोर उनके हाथ से लेकर अखिलेश के हाथों में दे देनी चाहिए और 2029 में अखिलेश को भारत का प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।” -जया बच्चन सपा सांसद
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
जया बच्चन के नाम पर वायरल इस कथित बयान की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। हमने कई कीवर्ड्स की मदद से गूगल पर सर्च किया। हमें बयान से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सपा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाला। लेकिन हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष कुमार वर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह बयान फर्जी है। जया बच्चन काफी वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं। वह इस तरह का अपमानजनक बयान नहीं देंगी। उनकी छवी खराब करने के मकसद से इस तरह की पोस्ट को शेयर किया जा रहा है।
अंत में हमने फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है। यूजर को 90 लोग फॉलो करते हैं। यूजर फरवरी 2008 से फेसबुक पर एक्टिव है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन को लेकर जया बच्चन ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। वायरल दावा गलत है। फर्जी बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : जया बच्चन ने कहा राहुल गांधी मानसिक रूप से बीमार हैं।
- Claimed By : FB User Anand Shrivastava
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












