X
X

Fact Check: कंगना रनौत ने ‘वोट चोरी’ विवाद पर राहुल गांधी का नहीं किया समर्थन, वायरल वीडियो एडिटेड 

SIR पर बात करते हुए कंगना रनौत के एडिटेड वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। असली वीडियो में वो राहुल गांधी की आलोचना कर रही हैं, ना कि बीजेपी और चुनाव आयोग की। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में जल्द विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव आयोग इसे मद्देनजर रखते हुए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत वोटर लिस्ट को अपडेट कर रही है। विपक्ष इसे लेकर लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बिहार में ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ भी निकाल रहे हैं। वे अपनी रैलियों में SIR को लेकर लगातार नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। साथ ही चुनाव आयोग और भाजपा पर ‘वोट चोरी’ के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इसी से जोड़ते हुए बीजेपी सांसद कंगना रनौत का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वो ‘वोट चोरी’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर भड़की हैं और उन्होंने राहुल गांधी का समर्थन किया है।   

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। कंगना रनौत का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में उन्होंने चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ बयान नहीं दिया है। वीडियो के लंबे वर्जन में वो राहुल गांधी पर तंज कस रही हैं। साथ ही SIR के खिलाफ विपक्ष की ओर से किये जा रहे प्रदर्शन की आलोचना कर रही हैं। इसी वीडियो के एक अंश को एडिट कर शेयर किया जा रहा है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वो राहुल गांधी का समर्थन कर रही है, जबकि असल में वो राहुल गांधी और विपक्ष की आलोचना कर रही थीं।

क्या हो रहा है वायरल ? 

फेसबुक यूजर ‘मोनी सिंह’ ने 25 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “वोट चोरी को लेकर कँगना रनौत भी चुनाव आयोग पर भड़की, क्या कँगना अब भाजपा छोड़ने वाली हैं?”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन न्यूज एजेंसी एएनआई के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 18 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, भाजपा  सांसद कंगना रनौत ने चुनाव आयोग की फटकार पर राहुल गांधी की आलोचना की, कहा कि चुनाव आयोग की फटकार के बाद ड्रामा जारी है। वीडियो में कंगना रनौत को कहते हुए सुना जा सकता है, “जैसे कि आप लोग देख रहे हैं कि इलेक्शन कमिशन ने राहुल गांधी को कितनी फटकार लगाई है। कल कि उन्होंने किस तरह से लोगों का अपमान किया, वोटर्स का अपमान किया और वोटर्स भी जिन जिन का नाम बताया था। वो भारी संख्या में इसको लेकर एक शोक व्यक्त कर रहे हैं। उनके समाज में उनकी बहुत बेइज्जती हो चुकी है, उनकी पूरी एक तरह से इज्जत की धज्जियां उड़ा दी है, राहुल गांधी जी ने और जिस तरह से आप देख रहे हैं कि इतना उनको कल इतनी फटकार लगने के बाद भी आज इन्होंने जो यहां पे तमाशा किया। तो इससे यही आप समझ सकते हैं कि उनको यह है कि अगर हमें गद्दी नहीं मिलती है तो हम नहीं काम होने देंगे, हम हर जगह रायता फैला देगें। जब इनको मौका मिला था तब इन्होंने भ्रष्टाचार किये। अब देश की तरक्की हो रही है तो इनको दुख हो रहा है कि क्यों हो रही है। जनता देख रही है और यही कारण है कि यह कोई भी इलेक्शन नहीं जीत पायेगें।”

जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 18 अगस्त 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडिया ब्लॉक के बर्ताव पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने दावा किया है कि विपक्ष इस बात से दुखी है कि देश तरक्की कर रहा है। उन्होंने संसद में बिहार में हुए वोटर लिस्ट रिवीजन के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोपों को तमाशा करार दिया है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने कंगना की बहन रंगोल चंदेल से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को एडिटेड और दावे को फेक बताया है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 19 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताया है। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करती है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि SIR पर बात करते हुए कंगना रनौत के एडिटेड वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। असली वीडियो में वो राहुल गांधी की आलोचना कर रही हैं, ना कि बीजेपी और चुनाव आयोग की। 

  • Claim Review : कंगना रनौत ने ‘वोट चोरी’ विवाद पर राहुल गांधी का समर्थन किया।
  • Claimed By : FB User Moni Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later