Fact Check: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के बाद सांसद मनोज तिवारी का 6 साल पुराना बयान वायरल
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया था। इस मामले से जोड़कर वायरल सांसद मनोज तिवारी का बयान करीब छह साल पुराना है। उन्होंने मई 2019 में दिल्ली के तत्कालीन सीएम अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मारे जाने के बाद इसके स्क्रिप्टेड होने की आशंका जताई थी। उस बयान को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 22, 2025 at 04:14 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था। अब इस मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। इस मामले से जोड़कर भाजपा सांसद मनोज तिवारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह मामले के स्क्रिप्टेड होने की आशंका जताते हुए सुने जा सकते हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को पोस्ट कर दावा कर रहे हैं कि सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के बाद मनोज तिवारी ने यह बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि मनोज तिवारी का यह वीडियो मई 2019 का है। उस समय दिल्ली के तत्कालीन सीएम अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मारे जाने के बाद मनोज तिवारी ने कहा था कि भाजपा इसकी निंदा करती है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई थी कि कहीं यह स्क्रिप्टेड तो नहीं था। मनोज तिवारी के करीब छह साल पुराने बयान को अब रेखा गुप्ता मामले से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर thecreatorajay ने 20 अगस्त को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सीएम रेखा गुप्ता जी को थप्पड़ लगने के बाद सांसद मनोज तिवारी जी का बयान“।
वीडियो पर लिखा है, “कहीं थप्पड़ मरवाना इनका खुद का बनाया हुआ स्क्रिप्ट तो नहीं है, CM रेखा गुप्ता को थप्पड़ लगने के बाद BJP सांसद मनोज तिवारी“

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 4 मई 2019 को एबीपी लाइव के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो से संबंधित वीडियो न्यूज पोस्ट की गई है। इसके अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल को एक व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया था। इससे गुस्साए लोगों ने आरोपी सुरेश की पिटाई कर दी थी। इस घटना के बाद सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “मुझे शक है कि कहीं यह थप्पड़ मरवाना उनकी खुद की स्क्रिप्ट तो नहीं है।”
अमर उजाला की वेबसाइट पर भी 4 मई 2019 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड की गई है। इसमें मनोज तिवारी को इस घटना की निंदा करने के साथ ही इसके स्क्रिप्टेड होने की आशंका जताते हुए सुना जा सकता है।
20 अगस्त को सांसद मनोज तिवारी ने एक्स अकाउंट से पोस्ट कर रेखा गुप्ता पर हुए हमले की निंदा की थी। साथ ही उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
20 अगस्त को दैनिक जागरण में छपी खबर के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान आरोपी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया ने दिल्ली की सीएम पर हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।
इस बारे में दैनिक जागरण के दिल्ली राज्य ब्यूरो में प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला का कहना है कि मनोज तिवारी का यह वीडियो पुराना है। इसका रेखा गुप्ता मामले से कोई संबंध नहीं है।
पुराने वीडियो को शेयर कर गलत दावा करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 784 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया था। इस मामले से जोड़कर वायरल सांसद मनोज तिवारी का बयान करीब छह साल पुराना है। उन्होंने मई 2019 में दिल्ली के तत्कालीन सीएम अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मारे जाने के बाद इसके स्क्रिप्टेड होने की आशंका जताई थी। उस बयान को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : सीएम रेखा गुप्ता पर हमले बाद सांसद मनोज तिवारी ने इसके स्क्रिप्टेड होने की आशंका जताई।
- Claimed By : Insta User- thecreatorajay
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












