X
X

Fact Check: दिल्ली की सीएम पर हमला करने के आरोपी के साथ खड़े आप MLA की तस्वीर एडिटेड

सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी के साथ गोपाल इटालिया की वायरल तस्वीर एडिटेड है। असल में आप विधायक के एक वीडियो से स्क्रीनशॉट लेकर उसे एडिट कर वायरल तस्वीर को बनाया गया है, जिसे अब गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जब 20 अगस्त को अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही थींं, तो उसी दौरान एक शख्स ने उन पर हमला कर दिया था। उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और यह बात सामने आई है कि आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। इसी से जोड़ते हुए गुजरात के आप विधायक गोपाल इटालिया की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में गोपाल इटालिया को आरोपी के साथ खड़े हुए देखा जा सकता है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि गोपाल इटालिया की वायरल तस्वीर एडिटेड है। असल में आप विधायक के एक वीडियो से स्क्रीनशॉट लेकर उसे एडिट कर वायरल तस्वीर को बनाया गया है, जिसे अब गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘यूजर हीरा लाल’ ने 21 अगस्त 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “Big‎ Breaking *दिल्ली‎ की मुख्यमंत्री‎ रेखा गुप्ता पर‎ हमला‎ करने वाला राजेश निकला‎ आम‎ आदमी‎ पार्टी‎ का‎ कार्यकर्ता* गुजरात‎ आम आदमी‎ पार्टी‎ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष‎ व विधायक‎ गोपाल‎ इटालिया का दोस्त है‎ हमलावर..ये हमला संयोग नहीं‎ आम आदमी‎ पार्टी‎ की साज़िश‎ है‎ !”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल फोटो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 20 अगस्त 2025 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी विधायक हरीश खुराना ने वायरल तस्वीर को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर करते हुए आप के नेता गोपाल इटालिया पर कई आरोप लगाये थे। हरिश खुराना को जवाब देते हुए गोपाल इटालिया ने तस्वीर को एडिटेड और दावे को गलत बताया था।

वायरल फोटो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो गोपाल इटालिया के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 2 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि गोपाल इटालिया के साथ कोई और शख्स खड़ा है। साथ ही पीछे का बैकग्राउंड हूबहू वायरल वीडियो जैसा ही है। 

दोनों तस्वीरों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट गोपाल इटालिया के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। गोपाल इटालिया ने बीजेपी विधायक हरीश खुराना को रिप्लाई करते हुए वायरल दावे का खंडन किया है। उन्होंने लिखा है, “हरीश खुराना जी, आप की ख़ुद की तो किसी ट्रोलर से ज़्यादा इज्जत है नहीं लेकिन ऐसी घटिया हरकत करने से पहले अपने पिता जी मदनलाल जी की इज्जत की तो परवाह कर लेते? दो रूपिये Per ट्वीट के हिसाब से काम कर रहे भाजपाई छुटभैये से भी निम्न स्तर के आप के कारनामे देखकर स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी बहुत खुश हो रहे होंगे क्या? अपने बेटे को छुटभैया ट्रोलर बने देख कर वो क्या सोच रहे होंगे? विधायक बनने के बाद मुझे आप के जैसे घटिया ट्रोलर्स को एक्सप्लेन करना पड़ रहा है यह मेरे लिए भी दुर्भाग्य की बात है, लेकिन फिर भी यह देखो ; मेरे इस पुराने वीडियो से कुछ स्क्रीनशॉट लेकर, उसे एडिट कर के आपने फर्जी फ़ोटो पोस्ट किये है। सीएम का बेटा हो कर भी ऐसे घिनौने काम करने में आप को जरा सी भी शरम ना आयी? सारे मीडिया से मेरी अपील है की, इस छुटभैये ट्रोलर हरीश जी की ट्वीट को सत्यापित किए बिना न्यूज़ ना चलाए। मुझे मजबूरीवश कानूनी कदम उठाना पड़ेगा।”

तस्वीर की क्वालिटी देखकर हमें फोटो में एआई की मदद से छेड़छाड़ करने का संदेह हुआ। हमने एआई डिटेक्शन टूल का इस्तेमाल किया। हमने फोटो साइट इंजन और डी कॉप की मदद से सर्च किया। दोनों ने ही फोटो के एआई की मदद से छेड़छाड़ होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने आप के मीडिया कोऑर्डिनेटर वेद कुमार से संपर्क किया। उन्होंने तस्वीर को एडिटेड बताया है।

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 22 अगस्त 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली की CM रेखा पर 20 अगस्त की सुबह करीब 8.15 बजे जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया था। आरोपी ने उनके बाल खींचे और फिर थप्पड़ मारा। आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला राजेशभाई खीमजी है, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। राजेश पर गुजरात में भी चाकूबाजी समेत 5 केस पहले से दर्ज हैं। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास कोई हथियार नहीं मिला। इंटेलिजेंस ब्यूरो और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल उससे पूछताछ कर रही है।”

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को पटना का रहने वाला बताया है। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी के साथ गोपाल इटालिया की वायरल तस्वीर एडिटेड है। असल में आप विधायक के एक वीडियो से स्क्रीनशॉट लेकर उसे एडिट कर वायरल तस्वीर को बनाया गया है, जिसे अब गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : दिल्ली‎ की मुख्यमंत्री‎ रेखा गुप्ता पर‎ हमला‎ करने वाले के साथ‎ आम‎ आदमी‎ पार्टी‎ के एमएलए की तस्वीर।
  • Claimed By : FB User Hira Lal
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later