X
X

Fact Check: हावड़ा ब्रिज का पुराना वीडियो पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के नाम पर वायरल

विश्वास न्यूज की जांच में बंगाल में भाजपा की जीत के जश्न के नाम पर हावड़ा ब्रिज का वायरल वीडियो होली का निकला। कई महीने पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद देश के कई हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में हावड़ा ब्रिज पर लोगों के हुजूम को धार्मिक नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को बंगाल में भाजपा की जीत के जश्न का बताकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। जांच में यह वीडियो पुराना साबित हुआ। सोशल मीडिया पर होली के जश्न के नाम पर यह वीडियो कई महीने पहले शेयर किया गया था। इसका पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल?

फेसबुक पेज ‘जनदृष्टि News’ ने 4 मई 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “हावड़ा ब्रिज पर जीत के रुझानों के बीच BJP समर्थकों का उत्साह देखने को मिला। समर्थक जुटकर जश्न मनाते नजर आए, जहां नारेबाजी और जोश का माहौल बना रहा। क्या ये रुझान अंतिम नतीजों में भी कायम रहेगा? अपनी राय कमेंट में बताएं।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

4 मई 2026 को जैसे-जैसे मतदान के नतीजों के रुझान सामने आना शुरू हुए, भाजपा के कार्यकर्ता जश्न मनाने के लिए सड़क पर उतर आए। देश के कई हिस्सों से ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आए, जिनमें कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक को जश्न मनाते हुए देखा गया।

विश्वास न्यूज को पड़ताल के दौरान हावड़ा ब्रिज का असली वीडियो मिला। इसमें भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं को जश्न मनाते और मीडिया को बाइट देते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को आजतक के यूट्यूब चैनल पर 4 मई 2026 को अपलोड किया गया था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें यह वीडियो होली के जश्न के नाम पर कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर मिला।

सर्च के दौरान असली वीडियो हमें 9 मार्च 2026 की तारीख को अपलोड किया हुआ मिला। इसे ‘Rameshwar Arya’ नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर किया था।

सर्च के दौरान इस जश्न का दूसरा वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर मिला। ‘BACKBENCHER STREET’ नाम के चैनल ने इस वीडियो को एक मार्च 2026 को अपलोड किया था। इसमें तीन मिनट की टाइमलाइन के पास हमें फूलों से सजा मिनी ट्रक और उसमें सवार लोग नजर आए, जो भाजपा की जीत के नाम पर वायरल वीडियो में दिख रहे हैं।

अब तक की जांच से यह साफ हो गया कि होली से जड़े एक कार्यक्रम के पुराने वीडियो को भाजपा की जीत के नाम पर वायरल करके झूठ फैलाया गया है।

https://youtu.be/j9MzooCPhgg?si=DSMskCPWLGCCB99Z

क्या है संदर्भ?

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार (4 मई 2026) को आ गए। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हुए थे। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा और पुडुचेरी में एनडीए की सरकार बनना लगभग तय है। वहीं, केरल में यूडीएफ (कांग्रेस, मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस) को बहुमत मिल गया है, जबकि तमिलनाडु में एक्टर विजय की तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) की सरकार बन सकती है। राज्यवार सीटों की स्थिति नीचे देखी जा सकती है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए इंस्टाग्राम यूजर ‘रामेश्वर आर्या’ से संपर्क किया। उन्होंने ही सबसे पहले होली के वीडियो को 9 मार्च 2026 को शेयर किया था। उन्होंने पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि वायरल वीडियो होली के मौके पर कोलकाता में होने वाले कार्यक्रम का है।

जांच के अंत में फेसबुक पेज ‘जनदृष्टि News’ की सोशल स्कैनिंग की गई। इसी पेज ने होली के वीडियो को भाजपा की जीत का बताकर वायरल किया। इसे आठ सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह पेज दिसंबर 2024 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में बंगाल में भाजपा की जीत के जश्न के नाम पर हावड़ा ब्रिज का वायरल वीडियो होली का निकला। कई महीने पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : हावड़ा ब्रिज पर बीजेपी की जीत का जश्न मनाते पार्टी कार्यकर्ता।
  • Claimed By : FB Page Jan drishti news
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later