Fact Check: फंडिंग में कटौती पर सैन्य अधिकारी के बैठक छोड़ने के झूठे दावे से पुराना वीडियो वायरल
पाकिस्तान और चीन से जुड़े सुरक्षा प्रबंधों के लिए भारत सरकार का फंडिंग देने से इनकार करने पर सैन्य अधिकारी के बैठक छोड़कर जाने के झूठे दावे से पुराना और असंबंधित वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मार्च 2025 में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ पर हुए हमले से संबंधित है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 17, 2026 at 11:11 AM
- Updated: Jul 17, 2026 at 11:47 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय सैन्य अधिकारी का एक ‘बैठक’ से जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सैन्य अधिकारी के साथ एक पुलिस अधिकारी को भी देखा जा सकता है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि सरकार ने जब पाकिस्तान और चीन से जुड़े सुरक्षा प्रबंधों के लिए फंडिंग देने से इनकार कर दिया, तो भारतीय सेना के एक अधिकारी बैठक छोड़कर चले गए।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पटियाला में मार्च 2025 में सेना के एक कर्नल पर हुए हमले से संबंधित प्रेस कॉन्फ्रेंस का है। इसमें सैन्य अधिकारी ने पारदर्शी और तय समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष और ईमानदार जांच की मांग की थी, जबकि पुलिस अधिकारी ने कार्रवाई की जानकारी दी थी।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Salman Pathan’ ने 15 जुलाई 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सरकार द्वारा पाकिस्तान और चीन से जुड़े सुरक्षा प्रबंधों/तैयारियों के लिए फंडिंग से इनकार किए जाने के बाद भारतीय सेना के एक अधिकारी बैठक छोड़कर चले गए।”क्य सर्कार के पास अदानी अम्बानी को देने के लिए पैसा हें देश की फौज को देने के लिए कुछ नही टेक्स का पैसा आखिर जा कहा रहा हे ऐसे सवाल लोगो के बीच चर्चा का विषय बना हुआ हें सर्कार को इसका जवाब देना चाहिए जनता को”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर ‘Man Aman Singh Chhina’ ने 25 मार्च 2025 को वायरल वीडियो अपलोड किया था। इसके साथ में जानकारी दी गई है, “वेस्टर्न कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वाधवा पटियाला कर्नल मामले पर बयान पढ़ने के बाद बिना किसी सवाल का जवाब दिए अपने सीनियर अफसरों के साथ चले गए। DGP ने भी बयान पढ़ा और चले गए, लेकिन कम से कम उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब तो दिए हैं। आखिर सेना किस बात से डर रही है?”
‘Government of Punjab’ के यूट्यूब चैनल पर 25 मार्च 2025 को इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो को पोस्ट किया गया था। इसमें आखिर में जब सैन्य और पुलिस अधिकारी उठकर जाते हैं तो वायरल वीडियो में पूछा जा रहा सवाल सुना जा सकता है।
प्रेस वार्ता के इस वीडियो और वायरल वीडियो में एक ही अधिकारी दिखाई देते हैं।

‘एएनआई’ की वेबसाइट पर 25 मार्च 2025 को इस प्रेस वार्ता से संबंधित छपी रिपोर्ट के अनुसार, ”आरोप है कि भारतीय सेना के एक सेवारत अधिकारी कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ पर 13 मार्च की रात को पटियाला में एक ढाबे के बाहर पंजाब पुलिसकर्मियों ने हमला किया था, जिसकी सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। लेफ्टिनेंट जनरल वाधवा, चीफ ऑफ स्टाफ, हेडक्वार्टर वेस्टर्न कमांड ने कहा कि कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ पर पटियाला में एक ढाबे के बाहर पंजाब के कुछ पुलिसकर्मियों ने हमला किया था। पंजाब पुलिस ने इस घटना में शामिल अपने कर्मचारियों के ‘गलत काम’ पर खेद जताया है। इसमें शामिल पुलिसवालों की पहचान कर ली गई है और उन्हें तुरंत सस्पेंड करने के साथ-साथ पटियाला से ट्रांसफर भी कर दिया गया है। वे दोषियों को सजा दिलाने और सिस्टम में भरोसा बहाल करने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध, निष्पक्ष और ईमानदार जांच की जरूरत दोहराते हैं।”

‘अमर उजाला’ की वेबसाइट पर 16 जुलाई 2025 को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस की एसआईटी की जांच से असंतुष्ट होकर इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया है।
इस बारे में हमने उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे पंजाब में दैनिक जागरण के राज्य प्रमुख रमनजीत मंकु से बात की। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में सवाल पूछने वाले वरिष्ठ पत्रकार अमन चिन्ना हैं। यह वीडियो पटियाला मामले से संबंधित था।
क्या है संदर्भ?
मार्च 2025 में पटियाला में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ ने आरोप लगाया कि उन पर पुलिसकर्मियों ने हमला किया था। बाद में इस बारे में सैन्य और पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उस प्रेस वार्ता के वीडियो को साउथ एशिया आधारित एक्स यूजर ‘Tactical Tribune’ ने 14 जुलाई 2026 को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए दावा किया था कि पाक-चीन के खिलाफ सुरक्षा के लिए फंडिंग देने से जब भारत सरकार ने इनकार कर दिया तो सैन्य अधिकारी बैठक से उठकर चले गए। बाद में इसे पाकिस्तान आधारित अकाउंट (आर्काइव लिंक) ने प्रोपेगेंडा के तहत पोस्ट किया।

हालांकि, एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, जिस देश या क्षेत्र में यह अकाउंट है, उस पर हाल की यात्रा या कुछ समय के लिए दूसरी जगह जाने का असर लोकेशन पर पड़ सकता है। यह डेटा गलत हो सकता है और समय-समय पर बदल भी सकता है।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। देहरादून के रहने वाले इस फेसबुक यूजर के करीब 6,600 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पाकिस्तान और चीन से जुड़े सुरक्षा प्रबंधों के लिए भारत सरकार का फंडिंग देने से इनकार करने पर सैन्य अधिकारी के बैठक छोड़कर जाने के झूठे दावे से पुराना और असंबंधित वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मार्च 2025 में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ पर हुए हमले से संबंधित है।
- Claim Review : सुरक्षा संबंधी फंडिंग में कटौती से नाराज सैन्य अधिकारी बैठक छोड़कर चले गए।
- Claimed By : FB User- Salman Pathan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












