Fact Check: लोकसभा चुनाव 2024 में पवन सिंह के लिए खेसारी लाल ने किया था प्रचार, पुराना वीडियो बिहार चुनाव का बताकर वायरल
पवन सिंह और खेसारी लाल यादव का यह वीडियो लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान का है। इसे बिहार चुनाव का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 29, 2025 at 04:37 PM
- Updated: Oct 29, 2025 at 04:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए छपरा में 6 नवंबर को मतदान होगा। वहां से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर भोजपुरी अभिनेता शत्रुघ्न यादव उर्फ खेसारी लाल यादव चुनाव मैदान में हैं।
उनके चुनाव प्रचार से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें खेसारी लाल को एक अन्य भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के साथ देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि पवन सिंह खेसारी लाल का चुनाव प्रचार करने के लिए छपरा पहुंचे।
विश्वास न्यूज की जांच में खेसारी लाल और पवन सिंह का वायरल वीडियो पुराना निकला। लोकसभा चुनाव 2024 में पवन सिंह ने काराकाट सीट से चुनाव लड़ा था। खेसारी उनके चुनाव प्रचार में पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव के वीडियो को अब बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बताकर वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ajit_k_yadav_1234 ने 25 अक्टूबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें खेसारी और पवन सिंह की तस्वीर भी देखी जा सकती है। वीडियो के साथ में लिखा है, “खेसारी लाल का चुनाव प्रचार करने पहुंचे पवन सिंह“

पड़ताल
वायरल वीडियो देखने में रैली या किसी सभा का लग रहा है। इसमें ‘आरती न्यूज लाइव’ की माइक आई और लोगो देखा जा सकता है।
इस आधार पर हमने ‘आरती न्यूज लाइव’ के यूट्यूब चैनल को स्कैन किया। 28 मई 2024 को इससे खेसारी और पवन सिंह का वीडियो प्रीमियर किया गया है। इसमें 4:20 मिनट के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। वीडियो के साथ टाइटल दिया गया है, “पवन सिंह खेसारी लाल हेलीकॉप्टर द्वारा साथ में सभा करते हुए नासरीगंज से लाइव”।
बिहार तक के फेसबुक पेज पर भी 28 मई 2024 को वायरल वीडियो से संबंधित खबर पोस्ट की गई है। इसके अनुसार, खेसारी लाल काराकाट में पवन सिंह के लिए प्रचार करने पहुंचे।

आजतक की वेबसाइट पर 4 जून 2024 को छपी खबर के अनुसार, काराकाट लोकसभा सीट पर महागठबंधन के राजा राम कुशवाहा ने निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह को हरा दिया था।

इस बारे में हमने आरती न्यूज लाइव के रिपोर्टर राकेश झा से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में खेसारी लाल पवन सिंह के चुनाव प्रचार के लिए काराकाट गए थे। यह वीडियो उस दौरान का है। अभी तक पवन सिंह खेसारी लाल के समर्थन में प्रचार करने छपरा नहीं आए हैं।
इसके बाद हमने पोस्ट के साथ दी गई खेसारी और पवन सिंह की तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। मई 2025 में पिनटेरेस्ट पर अपूर्व अमित नाम के यूजर ने इसे सेव किया है।

इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो और तस्वीर पुराने हैं।
27 अक्टूबर को नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, राजद ने छपरा विधानसभा सीट से खेसारी लाल यादव को टिकट दिया है। भाजपा से यहां से छोटी कुमारी को टिकट दिया गया है।
पुराने वीडियो को शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर ने पवन सिंह और खेसारी के कुछ और वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किए हैं।
बिहार चुनाव से संबंधित अन्य रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
निष्कर्ष: पवन सिंह और खेसारी लाल यादव का यह वीडियो लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान का है। इसे बिहार चुनाव का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : पवन सिंह खेसारी लाल का चुनाव प्रचार करने के लिए छपरा पहुंचे।
- Claimed By : Insta User- ajit_k_yadav_1234
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












