Fact Check: पीएम मोदी के जन्मदिन पर बुर्ज खलीफा का एक साल पुराना वीडियो 2026 का बताकर वायरल
पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर 2025 को दुबई का बुर्ज खलीफा उनकी तस्वीरों से जगमगाया था। उस वीडियो को 2026 का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 18, 2026 at 03:14 PM
- Updated: Sep 18, 2026 at 03:21 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर 2026 को देश के कई हिस्सों में दीये जलाए गए और कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हुआ। इसमें दुबई के बुर्ज खलीफा को पीएम मोदी की तस्वीरों से जगमगाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स और मीडिया आउटलेट इस वीडियो को 17 सितंबर 2026 को मनाए गए पीएम मोदी के जन्मदिन का बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह वीडियो पिछले साल का है। 17 सितंबर 2025 को पीएम मोदी के जन्मदिन पर बुर्ज खलीफा उनकी तस्वीरों से जगमगाया था। उस वीडियो को 2026 का बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक पेज ‘Samachar Plus 24×7’ ने इस वीडियो को 17 सितंबर 2026 को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर दुबई की मशहूर बुर्ज खलीफा को तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया। बुर्ज खलीफा पर पीएम मोदी की तस्वीर भी प्रदर्शित की गई। भारत और UAE के बीच रिश्तों की झलक दिखाती इस तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींचा।”

‘बीजेपी राजस्थान‘ (आर्काइव लिंक), ‘बीजेपी दिल्ली‘ (आर्काइव लिंक) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (आर्काइव लिंक) के सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी इस वीडियो को अभी का बताकर शेयर किया गया है।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें ‘डीडी न्यूज‘ की वेबसाइट पर 17 सितंबर 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट (आर्काइव लिंक) मिली। इसमें लिखा है कि पीएम मोदी के जन्मदिवस पर दुबई का बुर्ज खलीफा मोदी की तस्वीरों और बधाई संदेशों से जगमगा उठा। खबर में दिया गया है कि दुबई के समाजसेवी बू अब्दुल्ला ग्रुप के चेयरमैन डॉ. बू अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रोशनी से जगमगाते बुर्ज खलीफा का वीडियो साझा किया है।

सर्च में हमें इससे संबंधित खबर और वायरल वीडियो ‘द डेली जागरण‘ (जिसे अब अपडेट किया जा चुका है) (आर्काइव लिंक) की वेबसाइट और ‘मिड डे‘ (आर्काइव लिंक), ‘न्यूज 18‘ (आर्काइव लिंक), ‘ईटी नाउ’ (आर्काइव लिंक) और ‘रिपब्लिक भारत‘ (आर्काइव लिंक) के सोशल मीडिया हैंडल्स समेत अन्य वेबसाइट्स पर भी मिले। इनमें वीडियो को 2026 का बताया गया है।
इसके बाद हमने डॉ. बू अब्दुल्ला के एक्स हैंडल को स्कैन किया। उन्होंने इस वीडियो को 17 सितंबर 2026 को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर UAE के आसमान को रोशन कर उन्हें सम्मानित किया।
इस बारे में और सर्च करने पर हमें ‘एएनआई’ एक्स हैंडल पर भी यह वीडियो मिला। इसे 17 सितंबर 2025 को पोस्ट किया गया है। इसमें लिखा है, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर आज रात दुबई का बुर्ज खलीफा उनकी तस्वीरों से जगमगा उठा।”
वायरल और एएनआई के वीडियो में समानता देखी जा सकती है।

‘एएनआई’ की वेबसाइट पर 18 सितंबर 2025 को इससे संबंधित खबर को पढ़ा जा सकता है। इसके अनुसार, “दुबई के बुर्ज खलीफा को पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर उनकी छवियों से रोशन किया गया। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत ने पीएम मोदी के पोर्ट्रेट और जश्न के मैसेज के साथ दुबई की स्काईलाइन को चमका दिया।” रिपोर्ट में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को देखा जा सकता है।
‘गल्फ न्यूज’ की वेबसाइट पर भी इस रिपोर्ट को देखा जा सकता है। 17 सितंबर 2025 को प्रकाशित इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स का भी प्रयोग किया गया है।

यूट्यूब चैनल ‘MyGovIndia’ पर भी इस वीडियो को 17 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया है।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर 2026 में बुर्ज खलीफा पर जगमगाहट के बारे में जानने के लिए हमने कीवर्ड से गूगल सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई विश्वनीय रिपोर्ट नहीं मिली।
इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामले कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने इस वीडियो को 2025 का बताया।
इस बारे में हमने दुबई की पत्रकार जॉर्जिया टॉली से भी इंस्टाग्राम पर संपर्क किया है। उनका जवाब आने पर खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।
क्या है संदर्भ?
पीएम मोदी के 76वें जन्मदिवस पर 17 सितंबर 2026 को देश के कई हिस्सों में कार्यक्रम आयोजित हुए। दैनिक जागरण की 17 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी के जन्मदिन पर उन्हें वैश्विक नेताओं, विपक्षी दिग्गजों और खेल-मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने शुभकामनाएं दीं। रूसी राष्ट्रपित व्लादिमिर पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी समेत कई राष्ट्राध्यक्षों ने पीएम मोदी को बधाई दी।
पुराने वीडियो को 2026 का बताकर शेयर करने वाले फेसबुक पेज की स्कैनिंग में पता चला कि इसके करीब 9 लाख 75 हजार फॉलोअर्स हैं। 25 जुलाई 2023 को बने इस पेज की लोकेशन राजस्थान के जयपुर की दी गई है।
निष्कर्ष: पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर 2025 को दुबई का बुर्ज खलीफा उनकी तस्वीरों से जगमगाया था। उस वीडियो को 2026 का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर उनकी तस्वीरों से जगमगाया दुबई का बुर्ज खलीफा।
- Claimed By : Fb User- Samachar Plus 24x7
- Fact Check : भ्रामक
- News Report by DD News, Dated 17 Sep 2026
- News Report by The Daily Jagran, Dated 17 Sep 2026
- Video Posted by FB@Mid Day, Dated 17 Sep 2026
- Video Posted by FB@News18, Dated 17 Sep 2026
- Video Posted by YT@ET Now, Dated 17 Sep 2026
- Video Posted by Insta@Republic Bharat, Dated 17 Sep 2026
- Video Posted by X@Dr_BuAbdullah, Dated 17 Sep 2026
- Video Posted by X@ANI, Dated 17 Sep 2025
- News Report by ANI, Dated 18 Sep 2025
- News Report by Gulf News, Dated 17 Sep 2025
- Video Posted by YT@MyGovIndia, Dated 17 Sep 2025
- News Report by Dainik Jagran, Dated 17 Sep 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












