Fact Check : दिल्ली-गुरुग्राम में नहीं गिरी मिसाइल, आग का पुराना वीडियो झूठे दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का भारत- पाकिस्तान के मौजूदा तनाव से कोई संबंध नहीं है। यह गुरुग्राम के बसई चौक का लगभग एक महीने पुराना वीडियो है, जब वहां आग लग गई थी।
- By: Umam Noor
- Published: May 9, 2025 at 06:49 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बड़े इलाके में आग लगी हुई देखी जा सकती है। वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम में मिसाइल से हमला हुआ और यह उसी का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का भारत- पाकिस्तान के मौजूदा तनाव से कोई संबंध नहीं है। यह गुरुग्राम के बसई चौक का लगभग एक महीने पुराना वीडियो है, जब वहां आग लग गई थी।
वायरल पोस्ट में क्या है?
एक फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को 8 मई 2025 को शेयर करते हुए लिखा, “मिसाइल दिल्ली गुड़गांव में गिरी।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए हमने सबसे पहले वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिये तलाश करना शुरू किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो एक इंस्टाग्राम हैंडल पर 30 मार्च 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो में इसे गुरुग्राम के बसई चौक का बताया गया।


इस बुनियाद पर हमने अपनी जांच आगे बढ़ाई और हमें द ट्रिब्यून के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो मिला। 29 मार्च 2025 को अपलोड किए गए इस वीडियो में बताया गया कि गुरुग्राम के बसई चौक पर भीषण आग लग गई।
इस मामले से संबंधित एक वीडियो एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 29 मार्च 2025 को अपलोड हुए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, ये आग गुरुग्राम के सेक्टर 37 में सुबह के वक्त लगी, वहीं बचाव कार्य जारी है।
इसी मामले पर टाइम्स ऑफ इंडिया की30 मार्च 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, ‘शनिवार सुबह बसई चौक के पास करीब 100 झुग्गियां भीषण आग में जलकर खाक हो गईं। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।’ आग सुबह करीब छह बजे लगी और तीन घंटे के अग्निशमन अभियान के बाद सुबह नौ बजे तक काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।’

वायरल पोस्ट में किए जा रहे दावे की पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी दैनिक जागरण के गुरुग्राम ब्यूरो प्रभारी रिपोर्टर आदित्य राज से संपर्क किया और उन्होंने भी हमें इस बात की पुष्टि की कि गुरुग्राम में कोई मिसाइल हमला नहीं हुआ है और यह पूरी तरह से फर्जी खबर है।
पहलगाम हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सोशल मीडिया पर कुछ फर्जी और भ्रामक पोस्ट वायरल हो गई हैं। विश्वास न्यूज की रिपोर्ट यहां पढ़ी जा सकती है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर कश्मीर के बारामूला का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का भारत- पाकिस्तान के मौजूदा तनाव से कोई संबंध नहीं है। यह गुरुग्राम के बसई चौक का लगभग एक महीने पुराना वीडियो है, जब वहां आग लग गई थी।
- Claim Review : गुरुग्राम में मिसाइल से हमला हुआ और यह उसी का वीडियो है।
- Claimed By : FB User- Baramulla Varmul
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












