Fact Check: बेंगलुरु में RCB के जश्न के दौरान मची भगदड़ के बाद पीएम मोदी ने दुख जताया था, लेकिन नहीं दिया था वायरल बयान
बेंगलुरु भगदड़ के बाद पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। हालांकि, उन्होंने वायरल बयान नहीं दिया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jun 10, 2025 at 12:55 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई घायल भी हुए थे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई लोगों ने इसको लेकर दुख जताया था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया है कि पीएम मोदी ने हादसे के बाद कहा है, “खेल मे अक्सर ट्रॉफी आती जाती रहती है, जश्न मे जो जानें चली गईं वो कैसे आएंगी।”
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा भ्रामक निकला। दरअसल, पीएम मोदी ने हादसे के बाद दुख जताया था और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में ट्रॉफी या जश्न का कोई जिक्र नहीं किया था। उन्होंने वायरल बयान नहीं दिया है।
क्या है वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर cricket__fans_555 ने 4 जून को पोस्ट (आर्काइव लिंक) की है। इसमें लिखा है,
“नरेंद्र मोदी के इस बयान ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया
खेल मे अक्सर ट्रॉफी आती जाती रहती है, जश्न मे जो जाने चली गई वो कैसे आएंगी..
आरसीबी की जीत के जश्न में भगदड़ 11 की मौत, 33 घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने पीएमओ इंडिया के एक्स हैंडल को चेक किया। 4 जून को इससे पीएम मोदी का बयान पोस्ट किया गया है। इसके अनुसार, “बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे शीघ्र स्वस्थ हों: पीएम नरेंद्र मोदी”
इंडिया टीवी की वेबसाइट पर 4 जून को छपी रिपोर्ट में भी पीएम मोदी के बयान का जिक्र किया गया है।

इंडिया टुडे और इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर भी छपी रिपोर्ट में पीएम के बयान के बारे में बताया गया है।
इसके अलावा हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट या आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
इस बारे में भाजपा के प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री का कहना है कि पीएम मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया था और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 7 जून को पीटीआई के हवाले से छपी रिपोर्ट में लिखा है कि 4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के आईपीएल जीतने का जश्न हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 56 घायल हुए थे।

पीएम मोदी के नाम से गलत बयान शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 90 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बेंगलुरु भगदड़ के बाद पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। हालांकि, उन्होंने वायरल बयान नहीं दिया है।
- Claim Review : खेल मे अक्सर ट्रॉफी आती जाती रहती है, जश्न मे जो जानें चली गईं वो कैसे आएंगी: पीएम मोदी
- Claimed By : Insta User- cricket__fans_555
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












