X
X

Fact Check: मनोहर लाल धाकड़ मामले से जोड़कर अन्य युवतियों के वीडियो वायरल, भाजपा विधायक का दावा भी गलत

मध्य प्रदेश के नेता मनोहर लाल धाकड़ से जोड़कर कुछ असंबंधित वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इनका धाकड़ मामले से कोई संबंध नहीं है। वहीं, धाकड़ के भाजपा विधायक होने का दावा भी गलत है।

Fact Check: मनोहर लाल धाकड़ मामले से जोड़कर अन्य युवतियों के वीडियो वायरल, भाजपा विधायक का दावा भी गलत

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य प्रदेश के नेता मनोहर लाल धाकड़ का कथित वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ युवतियों की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन्हें धाकड़ मामले के साथ जोड़कर शेयर किया जा रहा है। वहीं, एक अन्य वीडियो में धाकड़ को भाजपा विधायक बताया जा रहा है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि इन तस्वीरों और वीडियो का संबंध धाकड़ मामले से नहीं है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स रीच और लाइक्स के लिए अन्य युवतियों के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। इनमें से वायरल एक तस्वीर तो एआई किएटेड निकली। जबकि धाकड़ के भाजपा विधायक होने का दावा भी गलत है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर amitsehgal17 ने 31 मई को एक युवती का वीडियो धाकड़ मामले से जोड़कर शेयर (आर्काइव लिंक) किया। उस पर लिखा है, “रेप का आरोप लगाने वाली लड़की बोली सनोज मिश्रा की बीवी देगी तलाक मैं करूंगी शादी”

युवती की पहचान छुपाए रखने के उद्देश्य से हम पोस्ट का लिंक नहीं दे रहे हैं।

इंस्टाग्राम यूजर its__nobitta143 ने भी 28 मई को एक युवती का वीडियो अपलोड (आर्काइव लिंक) करते हुए धाकड़ केस से जोड़ा।

इंस्टा यूजर sehore_ki_cute_gale_savita ने भी 28 मई को एक तस्वीर को धाकड़ से जोड़ते हुए पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया।

एक्स यूजर Deepak Sharma ने 27 मई को बुर्का पहने एक महिला का वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया और इसे धाकड़ मामले से जोड़ा।

इंस्टा यूजर rajkumar68465ey ने 27 मई को धाकड़ का कथित वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे भाजपा विधायक का बताया। इसमें गृहमंत्री अमित शाह के वीडियो को भी मर्ज किया गया है।

पोस्ट में आपत्तिजनक वीडियो होने के कारण हम इसका लिंक नहीं दे रहे हैं।

पड़ताल

वायरल वीडियो व तस्वीर को हमने एक-एक करके चेक किया।

पहली पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर amitsehgal17 की पोस्ट में दिए गए वीडियो के ऊपर सनोज मिश्रा का जिक्र किया गया है। इस आधार पर हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया तो a2znewstv इंस्टाग्राम हैंडल पर 2 अप्रैल को इस वीडियो को अपलोड किया गया है। इसमें लिखा है कि रेप का आरोप लगाने वाली लड़की बोली, सनोज मिश्रा की बीवी देगी तलाक मैं करूंगी शादी।

31 मई को दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, फिल्म डायरेक्टर सनोज​ मिश्रा को दिल्ली हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है। पीड़िता ने हलफनामे में कहा है कि उसने सनोज के साथ सहमति से शारीरिक संबंध बनाए थे। बता दें कि रेप मामले में केस दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने मार्च 2025 में सनोज को गिरफ्तार कर लिया था।

यूजर की प्रोफाइल को स्कैन करने पर पता चला कि यूजर के 4533 फॉलोअर्स हैं।

दूसरी पोस्ट

इसके बाद हमने इंस्टाग्राम यूजर its__nobitta143 के वीडियो को चेक किया। 29 अगस्त 2024 को यह वीडियो Hello Bikaner यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है। इसमें इसे मोनिका उर्फ बीकानेर की शेरनी का बताया गया है।

23 अगस्त 2024 को एबीवी लाइव की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, पुलिस ने बीकानेर की दो बहनों को नशीले पदार्थ के प्रचार के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों बहनें सोशल मी​डिया पर बीकानेर की शेरनियां और बीकानेर के नाम से प्रसिद्ध हैं। इसके नाम मोनिका राजपुराहित और करिश्मा राजपुरोहित हैं।

इंस्टाग्राम यूजर bikaner_ki_sherni_sonu के अकाउंट के कुछ वीडियो को धाकड़ केस से जोड़कर शेयर किया गया है।

इस बारे में हमने बीकानेर के स्थानीय पत्रकार जेपी गहलोत से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह मोनिका राजपुरोहित का वीडियो है। इसका धाकड़ मामले से कोई संबंध नहीं है। इससे पहले भी इसका एक पुराना वीडियो उस केस से जोड़कर शेयर किया जा चुका है।

धाकड़ केस को भावनपुर थाने की पुलिस देख रही है। इसकी अधिक जानकारी के लिए लिए हमने थाने के प्रभारी रमेश चंद डांगी को दोनों पोस्ट में शेयर किए गए वीडियो के कीफ्रेम भेजें। उनका कहना है कि धाकड़ मामले में शामिल महिला की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

यूजर ने धाकड़ से जोड़कर एक और फेक पोस्ट को शेयर किया हुआ है, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

तीसरी पोस्ट

इंस्टा यूजर sehore_ki_cute_gale_savita द्वारा शेयर की गई फोटो को भी हमने चेक किया। कुछ यूजर्स ने इस तस्वीर को लुबना कुरैशी के नाम से शेयर किया है।

https://twitter.com/MkYdv97/status/1927547788436418618

इसको हमने गूगल लेंस से चेक किया, लेकिन इससे संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली। इसको एआई इमेज डिटेक्शन टूल्स वाजइटएआई और इजइटएआई से चेक करने पर इसके एआई निर्मित होने के संकेत मिले। इजइटएआई ने इसके 99 फीसदी एआई निर्मित होने की संभावना जताई।

इससे पता चलता है कि वायरल तस्वीर एआई ​निर्मित है।

यूजर के 3605 फॉलोअर्स हैं और उसने धाकड़ मामले से जोड़कर एक अन्य फेक पोस्ट को शेयर किया है।

चौथी पोस्ट

इसके बाद हमने लुबना कुरैशी के नाम से वायरल वीडियो को चेक किया। इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से चेक करने पर यह हमें 13 जून 2023 को Urdu Viral यूट्यूब चैनल पर मिला। इसमें वायरल वीडियो के लंबे वर्जन को देखा जा सकता है। वीडियो को पाकिस्तान का बताया गया है।

इससे साफ होता है कि इस वीडियो का भी धाकड़ मामले से कोई संबंध नहीं है।

एक्स यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं और उनके एक लाख 58 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

पांचवीं पोस्ट

इसमें अमित शाह के वीडियो के साथ धाकड़ के कथित वीडियो को मर्ज कर पोस्ट किया गया है। इसे भाजपा विधायक का वीडियो बताकर शेयर किया गया है। इसकी पड़ताल के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया।

​लाइव हिन्दुस्तान के यूट्यूब चैनल पर 24 मई को अपलोड वीडियो न्यूज में बताया गया है कि भाजपा ने धाकड़ से पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी की तरफ से जारी प्रेस नोट में साफ किया गया है कि धाकड़ भाजपा के प्राथमिक सदस्य हैं, लेकिन अगर वह ऑनलाइन सदस्य बने हैं, तो इसकी उनको जानकारी नहीं हैं।

हमें ऐसी कोई भी रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें धाकड़ को भाजपा विधायक बताया गया हो।

माय नेता की वेबसाइट पर भी मध्य प्रदेश के भाजपा विधायकों की लिस्ट को चेक किया, लेकिन मनोहर धाकड़ का नाम नहीं मिला।

इस बारे में मंदसौर में नईदुनिया के रिपोर्टर आलोक शर्मा का कहना है कि धाकड़ के भाजपा विधायक होने की बात गलत है। उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं।

26 मई को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, मध्य प्रदेश के मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस पर महिला के साथ अश्लील कृत्य करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए मनोहरलाल धाकड़ को जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद धाकड़ ने कहा था कि वायरल वीडियो में वह नहीं हैं। कार को उन्होंने कुछ समय पहले बेच दिया था।

निष्कर्ष: मध्य प्रदेश के नेता मनोहर लाल धाकड़ से जोड़कर कुछ असंबंधित वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इनका धाकड़ मामले से कोई संबंध नहीं है। वहीं, धाकड़ के भाजपा विधायक होने का दावा भी गलत है।

  • Claim Review : मनोहर लाल धाकड़ मामले से जुड़ी युवती का वीडियो।
  • Claimed By : Insta User- amitsehgal17
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later