Fact Check: महिलाओं से ब्यूटी पार्लर नहीं जाने की अपील करते PM मोदी का वीडियो डीपफेक है
हैदराबाद की रैली में पीएम मोदी ने लोगों से पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण उपजे ऊर्जा संकट को देखते हुए ईंधन की बचत करने की अपील की थी। उस वीडियो के एक हिस्से को एआई की मदद से एडिट करके वायरल किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं के ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 18, 2026 at 06:05 PM
- Updated: May 18, 2026 at 06:14 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण उपजे ऊर्जा संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बचत करने की अपील की थी। इससे जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पीएम मोदी को कथित रूप से महिलाओं को ब्यूटी पार्लर जाने से मना करने की अपील करते हुए सुना जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में वायरल वीडियो को डीपफेक पाया। पीएम मोदी ने ऐसी कोई अपील या बयान नहीं दिया है। पीएम मोदी की ऊर्जा बचाने की अपील वाले संबोधन के एक हिस्से को एआई क्रिएटेड ऑडियो क्लोन से बदल कर यह फेक दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Maisar Khan’ ने 17 मई 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया । इसमें पीएम मोदी को यह कहते हुए दिखाया गया, “अगर हम ब्यूटी पार्लर जाना कम करें ना, तो वो भी एक देशभक्ति का बहुत बड़ा काम है।”
इसके साथ में एक महिला का वीडियो भी मर्ज किया गया है, जो इस बयान की आलोचना कर रही हैं।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
इसके बाद वीडियो का कीफ्रेम निकालकर हमने उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘Narendra Modi’ पर इस कार्यक्रम का वीडियो अपलोड है। इसमें 12:55 मिनट के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। हालांकि, इसमें पीएम मोदी, खाने में तेल को कम करने की बात करते दिख रहे हैं। वह कह रहे हैं कि देशवासी खाने में तेल का प्रयोग कम करें, तो वह भी देशभक्ति है।

10 मई 2026 को अपलोड वीडियो हैदराबाद में हुई रैली का है, जहां पीएम मोदी ने लोगों से ईंधन की बचत करने के लिए वर्क फ्रॉम होम करने, स्वदेशी अपनाने और एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। इसमें कहीं भी पीएम मोदी को ब्यूटी पार्लर न जाने की सलाह वाला वायरल बयान देते हुए नहीं सुना जा सकता है।
इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो फेक है। हमने इसके एआई से बने होने की संभावना को देखते हुए वीडियो में से पीएम मोदी वाले हिस्से को एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से भी चेक किया। इसमें स्पीच को 88 फीसदी से अधिक एआई-निर्मित बताया गया है।

हमने इस क्लिप के ऑडियो को एआई वॉयस डिटेक्टर टूल्स ‘हिया’ और ‘ट्रुथ स्कैन’ से भी चेक किया। दोनों ने इसे एआई-क्रिएटेड बताया।


इस बारे में हमने भाजपा प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने वायरल क्लिप को फेक बताया।
क्या है संदर्भ?
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पीएम मोदी लोगों ने हैदराबाद में हुई रैली में लोगों से ईंधन की बचत करने की अपील की थी। 10 मई 2026 को ‘एबीपी न्यूज’ की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट में इस बारे में पढ़ा जा सकता है।
डीपफेक वीडियो को वायरल करने वाले फेसबुक यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं और उनके करीब 5500 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: हैदराबाद की रैली में पीएम मोदी ने लोगों से पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण उपजे ऊर्जा संकट को देखते हुए ईंधन की बचत करने की अपील की थी। उस वीडियो के एक हिस्से को एआई की मदद से एडिट करके वायरल किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं के ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।
- Claim Review : पीएम मोदी ने कहा, "अगर महिलाएं ब्यूटी पार्लर जाना कम करें तो वह भी देशभक्ति है।"
- Claimed By : FB User- Maisar Khan
- Fact Check : झूठ
- Video of Narendra Modi Youtube Channel, Dated 10 May 2026
- AI Detection Tool Hive Moderation
- AI Detection Tool Hiya
- AI Detection Tool Truth Scan
- Report of ABP, Dated 10 May 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












