Fact Check: राहुल गांधी की गुजरात रैली के वीडियो को यूपी का बताकर किया जा रहा वायरल
राहुल गांधी की यूपी यात्रा के दौरान उमड़े जनसैलाब के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो असल में पुराना है। इसका यूपी के रायबरेली में उनके हालिया दौरे से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, 2022 में राहुल गांधी गुजरात के दाहोद में एक रैली के लिए पहुंचे थे।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 11, 2026 at 05:42 PM
- Updated: Sep 11, 2026 at 06:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 8 सितंबर 2026 को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास भी किया । अब इसी से जोड़कर जनसैलाब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भारी भीड़ दिख रही है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह भीड़ राहुल गांधी के उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में, यह वीडियो राहुल गांधी के हालिया उत्तर प्रदेश दौरे का नहीं, बल्कि गुजरात का है। दरअसल, 2022 में राहुल गांधी गुजरात के दाहोद में एक रैली में पहुंचे थे। यह वीडियो उसी रैली के दौरान का है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Rajesh G.’ ने 9 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “उत्तरप्रदेश…राहुल गांधी के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब… 2029 की फ़ील्डिंग सेट हो चुकी हैं।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Ramavtar Yogi Bhanwata’ नाम के एक एक्स अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 10 मई 2022 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो गुजरात के दाहोद में हुई राहुल गांधी की रैली का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘गुजराती जागरण’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 10 मई 2022 को प्रकाशित किया गया था। गुजराती भाषा में प्रकाशित इस रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी गुजरात के दाहोद में रैली के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ‘आदिवासी सत्याग्रह रैली’ को संबोधित किया था। राहुल गांधी ने इस रैली में बीजेपी पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि वर्तमान सरकार को दो-तीन उद्योगपति चला रहे हैं और जनता की इसमें कोई भागीदारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया था कि गुजरात में अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने पर पुलिस मुकदमा कर देती है।

‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर 10 मई 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आदिवासियों की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा-नीत राज्य सरकार ने आदिवासियों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आपको कुछ नहीं देगी, लेकिन आपसे सब कुछ ले लेगी। आपको अपने अधिकार छीनने होंगे, तभी आपको वह मिलेगा, जिस पर आपका हक है।”
अधिक जानकारी के लिए हमने इस दौरे को कवर करने वाले दैनिक जागरण के रायबरेली के रिपोर्टर अमित कलमकार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो रायबरेली का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
राहुल गांधी 8 सितंबर 2026 को यूपी के रायबरेली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपने इस संसदीय क्षेत्र में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही, उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और पीएम नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए वह हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब 35 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी की यूपी यात्रा के दौरान उमड़े जनसैलाब के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो असल में पुराना है। इसका यूपी के रायबरेली में उनके हालिया दौरे से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, 2022 में राहुल गांधी गुजरात के दाहोद में एक रैली के लिए पहुंचे थे। यह वायरल वीडियो उसी रैली के दौरान का है।
- Claim Review : राहुल गांधी के यूपी कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब।
- Claimed By : FB User Rajesh G
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












