Fact Check: ‘सत्याग्रह’ पर राहुल गांधी का अधूरा बयान फिर से वायरल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषण का वायरल वीडियो क्लिप भ्रामक है। यह बात सही है कि छत्तीसगढ़ महाधिवेशन में संबोधन के दौरान राहुल गांधी की जुबान फिसली थी और उन्होंने सत्याग्रह का मतलब गलती से “सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो” बता दिया था। हालांकि, उन्होंने अगले ही पल अपनी भूल को तुरंत सुधारते हुए स्पष्ट किया था कि सत्याग्रह का सही अर्थ है- “सत्य के रास्ते को कभी मत छोड़ो”। वायरल क्लिप उनके सुधारे हुए बयान को हटाकर वायरल की जा रही है, जिससे उनके पूरे बयान का संदर्भ बदल जाता है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Oct 13, 2025 at 04:20 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो क्लिप में उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है, “महात्मा गांधी सत्याग्रह की बात करते थे। सत्याग्रह का मतलब? सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो।”
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की और हमारी पड़ताल में यह पोस्ट भ्रामक साबित हुई। यह बात सही है कि सत्याग्रह का जिक्र करते हुए राहुल गांधी की जुबान फिसली थी और उन्होंने इसे “सत्ता का रास्ता” बता दिया था, लेकिन उन्होंने अगले ही क्षण इस भूल को सुधारते हुए “सत्य का रास्ता” कहते हुए अपने वाक्य को सही किया था।
क्या है वायरल?
akhilsinghhpl012 नाम के एक थ्रेड्स यूजर (आर्काइव) ने राहुल गांधी की वायरल क्लिप को शेयर किया। इसमें राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “महात्मा गांधी कहते थे। सत्याग्रह की बात करते थे। सत्याग्रह का मतलब? सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो।”

पड़ताल
विश्वास न्यूज एक बार पहले भी वायरल क्लिप की जांच कर चुका है। उस समय क्लिप के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह पूरा वीडियो राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल पर 25 फरवरी 2023 को अपलोड मिला था। वीडियो में 28:10 मिनट के बाद राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “महात्मा गांधी कहते थे। सत्याग्रह की बात करते थे। सत्याग्रह का मतलब? सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो। सॉरी सत्य के रास्ते को कभी मत छोड़ो। इनके लिए नया शब्द है….आरएसएस बीजेपी वालों के लिए….हम हैं सत्याग्रही और वो हैं सत्ताग्रही। ये सत्ता के लिए कुछ भी कर लेंगे।”
की-वर्ड सर्च में कई न्यूज रिपोर्ट्स मिली, जिससे वायरल वीडियो का क्लिप संदर्भ स्पष्ट हो जाता है। वायरल वीडियो क्लिप छत्तीसगढ़ में आयोजित कांग्रेस के तीन दिवसीय महाधिवेशन के दौरान राहुल गांधी के संबोधन का है और इस दौरान संबोधित करते हुए उनकी जुबान फिसली, लेकिन उन्होंने तुरंत ही अपनी गलती को सुधार लिया।
राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह का जिक्र करते हुए कहा कि इसका मतलब होता है- सत्ता का रास्ता कभी मत छोड़ो, लेकिन उन्होंने अगले ही पल इसे सुधारते हुए कहा कि सत्याग्रह का मतलब सत्य के रास्ते पर चलना होता है और इसके लिए हठ करना होता है।
विश्वास न्यूज ने पिछली पड़ताल के दौरान यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया था। उन्होंने इसे राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार बताते हुए वीडियो क्लिप को एडिटेड बताया था।
इससे पहले फरवरी 2023 में भी ये वीडियो क्लिप वायरल हुई थी। तब भी विश्वास न्यूज की जाँच में ये भ्रमक निकली थी। उस पूरी पड़ताल को यहाँ पढ़ा जा सकता है।
भ्रामक पोस्ट करने वाले थ्रेड्स यूजर akhilsinghhpl012 को 300 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषण का वायरल वीडियो क्लिप भ्रामक है। यह बात सही है कि छत्तीसगढ़ महाधिवेशन में संबोधन के दौरान राहुल गांधी की जुबान फिसली थी और उन्होंने सत्याग्रह का मतलब गलती से “सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो” बता दिया था। हालांकि, उन्होंने अगले ही पल अपनी भूल को तुरंत सुधारते हुए स्पष्ट किया था कि सत्याग्रह का सही अर्थ है- “सत्य के रास्ते को कभी मत छोड़ो”। वायरल क्लिप उनके सुधारे हुए बयान को हटाकर वायरल की जा रही है, जिससे उनके पूरे बयान का संदर्भ बदल जाता है।
- Claim Review : राहुल गांधी ने कहा, "सत्याग्रह का मतलब सत्ता का रास्ता"।
- Claimed By : Threads user akhilsinghhpl012
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












