Fact Check: राजीव और सोनिया गांधी के ईसाई रीति-रिवाजों से शादी होने का दावा फेक, हिंदू विधि-विधान से हुई थी शादी
राजीव और सोनिया गांधी के ईसाई रीति-रिवाजों से शादी होने का दावा फेक है। राजीव गांधी और सोनिया गांधी की शादी हिंदू तौर-तरीकों से एक निजी समारोह में हुई थी।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Apr 2, 2025 at 04:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया यूजर्स देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी की एक तस्वीर को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह तस्वीर दोनों की शादी का है, जो यह बताती है कि इनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों की बजाए ईसाई रीति-रिवाजों से हुई थी। वायरल तस्वीर में राजीव गांधी और सोनिया गांधी को देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल तस्वीर राजीव गांधी और सोनिया गांधी की शादी की तस्वीर नहीं है। साथ ही इन दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाजों के मुताबिक हुई थी, जिसके कई साक्ष्य मौजूद हैं।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Mereddy Venkateshwara Reddy’ ने वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “A young couple getting their marriage registered in a Delhi Church. And their son today is busy in teaching Hindus…the difference btw Hinduism and Hindutva.”
(“एक युवा जोड़ा दिल्ली के एक चर्च में अपनी शादी का पंजीकरण करवा रहा है। और उनका बेटा आज हिंदुओं को हिंदू धर्म और हिंदुत्व के बीच अंतर सिखाने में व्यस्त है।”)
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर यह तस्वीर पिछले कई सालों से वायरल होती रही है।
पड़ताल
“Rajiv gandhi sonia gandhi wedding” की-वर्ड सर्च में राजीव गांधी और सोनिया गांधी की शादी की कई तस्वीरें मिली। न्यूज 18 की सात अक्टूबर 2015 की रिपोर्ट के मुताबिक, “राजीव गांधी और सोनिया मायनो की शादी 25 फरवरी 1968 को 1 सफदरजंग रोड पर एक निजी कार्यक्रम में हुई।”
रिपोर्ट में राशिद किदवई की किताब के हवाले से बताया गया है कि वैदिक मंत्रोच्चार और शहनाई की गूंज के बीच दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाया और फिर डिप्टी कमिश्नर बी एन टंडन की उपस्थिति में रजिस्ट्रार बुक पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इस दौरान केवल गांधी परिवार के करीबी लोग ही मौजूद थे।
‘British Movietone’ नामक यू-ट्यूब चैनल पर दोनों की शादी का वीडियो मौजूद है, जिसमें राजीव गांधी को पटियाला अचकन और चूड़ीदार पायजामा के साथ पगड़ी में देखा जा सकता है, वहीं सोनिया को साड़ी पहने हुए देखा जा सकता है।
inc.in की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक भी 1968 में नई दिल्ली में दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाजों के मुताबिक हुई।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रही तस्वीर राजीव गांधी और सोनिया गांधी की शादी की नहीं है। दोनों की शादी हिंदू तौर-तरीकों से एक सादे समारोह में हुई थी।
वायरल तस्वीर को लेकर विश्वास न्यूज ने राशिद किदवई से संपर्क किया, “उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह तस्वीर राजीव और सोनिया गांधी की शादी की नहीं है।” उन्होंने कहा, “दोनों की शादी एक निजी समारोह में हिंदू तौर-तरीकों से सिविल मैरिज के तौर पर हुई थी।”
इंडिया टाइम्स.कॉम की फीचर रिपोर्ट में दोनों की शादी की कई तस्वीरें मौजूद है, जो इनकी शादी के हिंदू रीति-रिवाजों से होने की पुष्टि करती है।
इससे पहले भी इन दोनों की कई अलग-अलग और असंबंधित तस्वीरें ‘निकाह’ के फेक दावे के साथ शेयर हो चुकी है, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
इसके बाद हमने वायरल तस्वीर के सोर्स को चेक करने के लिए रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली। सर्च में हमें इस तस्वीर का कोई प्रमाणिक रेफरेंस नहीं मिला। साथ ही इस तस्वीर में सोनिया गांधी की मौजूदगी स्पष्ट है, लेकिन उनके बगल में बैठे व्यक्ति के राजीव गांधी होने की प्रमाणिक तौर पर किसी अन्य स्रोत से पुष्टि नहीं की जा सकती है।
इस तस्वीर को लेकर किदवई ने कहा, “इसमें नजर आ रहे व्यक्ति युवा राजीव गांधी नहीं हैं, जैसा कि वे शादी के समय नजर आ रहे थे।”
26 फरवरी 1968 को प्रकाशित द इंडियन एक्सप्रेस की आर्काइव रिपोर्ट (Rajiv weds Sonia Maino हेडलाइन से प्रकाशित) के मुताबिक, वैदिक मंत्रोच्चार और शहनाई के बीच राजीव गांधी और सोनिया गांधी ने एक दूसरे को माला पहनाया और डिप्टी कमिश्नर बी एन टंडन की मौजूदगी में उन्होंने रजिस्ट्रार बुक पर दस्तखत किए।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि राजीव गांधी और सोनिया गांधी की शादी हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। हालांकि,हम इस बात की पुष्टि नहीं करते हैं इस दावे के साथ वायरल तस्वीर का प्रमाणिक संदर्भ क्या है।
हाल ही में राहुल गांधी से जोड़कर एक वीडियो को शेयर किया गया, जिसमें यह दावा किया गया था सामान्य तौर पर जहां कोई व्यक्ति जूते पहनने के बाद हाथ धोता है, वहीं राहुल गांधी कथित तौर पर जूता पहनने से पहले हाथ धोते हैं। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया, जिसे सियासी दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है।
फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: राजीव और सोनिया गांधी के ईसाई रीति-रिवाजों से शादी होने का दावा फेक है। राजीव गांधी और सोनिया गांधी की शादी हिंदू तौर-तरीकों से एक निजी समारोह में हुई थी।
- Claim Review : राजीव और सोनिया गांधी की शादी ईसाई रीति-रिवाजों से हुई।
- Claimed By : FB User-Mereddy Venkateshwara Reddy
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












