X
X

Fact Check : किसान नेता राकेश टिकैत का मंच टूटने का यह वीडियो है पुराना, भ्रामक दावा वायरल

विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला। दरअसल मंच टूटने पर गिरते किसान नेता राकेश टिकैत का वायरल वीडियो साल 2021 का है, जब हरियाणा के जींद में आयोजित महापंचायत के दौरान राकेश टिकैत और अन्य किसान नेता मंच टूटने के कारण नीचे गिर गए थे। उसी वीडियो को अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: May 3, 2025 at 05:19 PM
  • Updated: May 3, 2025 at 08:56 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मुजफ्फरनगर में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान जब किसान नेता राकेश टिकैत रैली में पहुंचे तो हंगामा हो गया। लोगों ने उनका विरोध किया और राकेश टिकैत के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। इस दौरान रैली में शामिल लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी शुरू हो गई। अब इसी से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें राकेश टिकैत को एक मंच पर देखा जा सकता है। अचानक मंच टूट जाता और मंच पर खड़े सभी लोग नीचे गिर जाते हैं। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो हालिया है।

विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को भ्रामक पाया। असल में राकेश टिकैत का वायरल किया जा रहा है वीडियो साल 2021 का है, जब जींद में आयोजित हुई महापंचायत के दौरान मंच अचानक टूट गया था। उसी वीडियो को अब कुछ लोग हालिया बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।

क्या हो रहा वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘राजेश नारायण’ ने 3 मई 2025 को वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है,“कल मुजफ्फरनगर में राष्ट्रवादी जाटों ने जमकर कूटा आज रोने के लिए जिस मंच पर चढ़ा वो मंच भी टूट गया ये सब मोदी जी का षड्यंत्र है !”

कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 3 फरवरी 2021 को प्रकाशित किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार,”जींद के कंडेला गांव में किसान महापंचायत आयोजित की गई थी। जिसमें राकेश टिकैत और अन्‍य किसान नेता शामिल हुए थे। जब राकेश टिकैत अन्य किसान नेताओं के साथ मंच पर पहुंचे तो मंच अचानक टूट गया और राकेश टिकैत और पंजाब के किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल सहित कई नेता मंच के साथ नीचे गिर गए। ज्यादा लोगों के एक साथ मंच पर जाने के कारण यह घटना हुई थी।” पूरी खबर यहां पढ़ें।

वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट न्यूज 18 यूपी उत्तराखंड के अधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 3 फरवरी 2021 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के मुताबिक, किसानों के समर्थन में जींद में चल रही महापंचायत के दौरान मंच अचानक टूट गया और कई बड़े किसान नेता मंच से गिर गए थे। इस दौरान राकेश टिकैत को भी चोटें आई थी।”

सर्च के दौरान वीडियो से जुड़ी पोस्ट एएनआई के एक्स हैंडल पर भी मिली। 3 फरवरी 2021 को किए गए पोस्ट में वीडियो को हरियाणा के जींद में हुई महापंचायत का बताया गया है।

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।

सर्च के दौरान हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 2 मई 2025 को प्रकशित एक खबर मिली, जिसमें बताया गया कि,”उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में हिन्दू संगठनों और व्यापारिक संगठनों द्वारा एक जन आक्रोश रैली आयोजित की गई। इस दौरान बाजार बंद हो गए और सभी लोग रैली के लिए इकट्ठे हो गए। तभी वहां भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी पहुंच गए। जैसे ही राकेश टिकैत वहां पहुंचे लोगों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान उनके खिलाफ नारे भी लगे और धक्का मुक्की भी हुई। हंगामे में पुलिस ने राकेश टिकैत को सुरक्षित निकाला।

दरअसल राकेश टिकैत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर ऐसा बयान दिया था, जिस कारण उनका काफी विरोध हो रहा है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने जींद में हुई घटना पर खबर लिख चुके दैनिक जागरण, हरियाणा के पूर्व डिजिटल प्रभारी सुनील झा के साथ वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो किसान आंदोलन के दौरान का है। जब जींद के कांडला गांव में एक महापंचायत आयोजित की गई थी। उसी समय का है यह वीडियो। हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

अंत में हमने पुराने वीडियो को हालिया बताकर शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 97 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को आजमगढ़ का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला। दरअसल मंच टूटने पर गिरते किसान नेता राकेश टिकैत का वायरल वीडियो साल 2021 का है, जब हरियाणा के जींद में आयोजित महापंचायत के दौरान राकेश टिकैत और अन्य किसान नेता मंच टूटने के कारण नीचे गिर गए थे। उसी वीडियो को अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : किसान नेता राकेश टिकैत का मंच टूटने का यह वीडियो हालिया है।
  • Claimed By : FB User-राजेश नारायण
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later