X
X

Fact Check: सनी देओल ने न तो भाजपा से इस्तीफा दिया है और न ही पार्टी के खिलाफ वायरल बयान दिया है

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा पूरी तरह फर्जी निकला। सनी देओल ने बीजेपी के खिलाफ ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है और न ही इस तरह का कोई सार्वजनिक इस्तीफा दिया है।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से एक पोस्ट तेज़ी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि बॉलीवुड अभिनेता और पूर्व बीजेपी सांसद सनी देओल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छोड़ दिया है और पार्टी को ‘गुंडों और अशिक्षितों का गिरोह’ बताया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इस पोस्ट की जांच की तो पता चला कि यह दावा गलत है। सनी देओल ने बीजेपी के खिलाफ ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। साथ ही उनके औपचारिक इस्तीफे की भी कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं आई है। सनी देओल की टीम ने भी इस पोस्ट को फर्जी बताया है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर Anjali Dagur ने 2 जनवरी 2025 को वायरल वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया। इसमें महिला को बोलते सुना जा सकता है, “सनी देओल ने कहा मैं BJP पार्टी से इसलिए इस्तीफा दिया क्योंकि BJP कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि यह गुंडा, स्कूल छोड़ने वाले अशिक्षित, बेरोजगारों और ब्रेनवाश किए हुए बेवकूफों का संगठित गिरोह है, जो हमेशा देश को तोड़ने का काम करता है।”

पड़ताल

वायरल पोस्ट की जांच करने के लिए हमने कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा, मगर हमें कहीं भी सनी देओल के बीजेपी से औपचारिक इस्तीफे की  या पार्टी के खिलाफ ऐसे किसी बयान की कोई खबर नहीं मिली।

सनी देओल की राजनीतिक पारी की शुरुआत 23 अप्रैल, 2019 को हुई थी, जब उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। पार्टी ने उन्हें पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा, जहाँ उन्होंने शानदार जीत दर्ज कर संसद तक का सफर तय किया। आजतक और मनीकंट्रोल की रिपोर्ट्स के अनुसार, देओल ने सार्वजनिक रूप से अगस्त 2023 में ही यह घोषणा कर दी थी कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनका तर्क था कि वह अभिनय और राजनीति, दोनों जिम्मेदारियों को एक साथ निभाने में असमर्थ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह अपना पूरा ध्यान फिलहाल वापस एक्टिंग करियर पर केंद्रित करना चाहते हैं। हालांकि, कहीं भी बीजेपी से औपचारिक इस्तीफे की कोई खबर नहीं मिली।

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने सनी देओल के पीए पंकज जोशी से संपर्क किया। उनका कहना है कि वायरल दावा पूरी तरह झूठा है, और सनी देओल ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।

फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाली यूजर Anjali Dagur के लगभग 4 लाख फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा पूरी तरह फर्जी निकला। सनी देओल ने बीजेपी के खिलाफ ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है और न ही इस तरह का कोई सार्वजनिक इस्तीफा दिया है।

  • Claim Review : सनी देओल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छोड़ दिया है और पार्टी को 'गुंडों और अशिक्षितों का गिरोह' बताया है।
  • Claimed By : Instagram user Anjali Dagur
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later