Fact Check: आतंकी हाफिज सईद से हाथ मिलाते दिख रहे नरेंद्र मोदी की यह तस्वीर फेक है
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि जिस तस्वीर को नरेंद्र मोदी और हाफिज सईद की बताकर वायरल किया जा रहा है, वह एडिटेड है। असली तस्वीर में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से हाथ मिला रहे थे।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jun 24, 2025 at 04:30 PM
नई दिल्ली (विश्वास टीम)। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकी हाफिज सईद से कथित तौर पर हाथ मिलाते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर को असली समझ कई यूजर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास टीम ने इस तस्वीर की पड़ताल की तो पता चला कि यह तस्वीर फर्जी है। असली तस्वीर में पीएम मोदी पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से हाथ मिला रहे थे। इस तस्वीर को एडिट कर शरीफ के चेहरे के ऊपर हाफिज सईद का चेहरा चिपका दिया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
Kaniz Fatima नाम के फेसबुक यूजर ने इस एडिटेड तस्वीर को 21 जून 2025 को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा था “आजम खान ने जारी की फोटो हाफिज सईद और मोदी पाकिस्तान मे मिलते हुए। क्या आप इन दोनों को जानते हो। देखो देशद्रोहियो गद्दार कौन। अंधभक्त कुछ बोलना चाहेंगे। मैं बोलूंगा तो विवाद हो जाएगा।”

पड़ताल
यह तस्वीर एक बार पहले भी वायरल हुई थी और उस समय भी विश्वास न्यूज़ ने इसकी पड़ताल की थी। उस समय की गई पड़ताल को यहाँ पढ़ा जा सकता है।
तस्वीर की पड़ताल करने के लिए हमने इस को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह तस्वीर फ़ोटो एजेंसी अलामी पर 25 दिसंबर 2015 को अपलोड मिली। मगर इस तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी के साथ आतंकी हाफिज सईद नहीं, बल्कि पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ थे।

हमें नवाज शरीफ और पीएम मोदी की यह तस्वीर 2015 की और भी कई न्यूज़ रिपोर्ट्स में मिली। ख़बरों के अनुसार, तस्वीर तब की है, जब मोदी ने 25 दिसंबर, 2015 को लाहौर में सरप्राइज विजिट कर नवाज शरीफ से मुलाकात की थी।
हमने पुष्टि के लिए यह तस्वीर एडिटिंग और डिजाइन विशेषज्ञ अरुण कुमार के साथ शेयर की। उन्होंने बताया, “इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि हाफिज सईद के चेहरे के आसपास की लाइंस ब्लर हैं, जबकि पीएम मोदी के चेहरे की एक्सिस शार्प हैं। ये इस तस्वीर में हाफिज सईद की साइड के एडिटेड होने का साफ़ संकेत देता है।
वायरल पोस्ट को कनीज़ फातिमा नाम के फेसबुक यूजर ने शेयर किया है। यूजर के 8000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि जिस तस्वीर को नरेंद्र मोदी और हाफिज सईद की बताकर वायरल किया जा रहा है, वह एडिटेड है। असली तस्वीर में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से हाथ मिला रहे थे।
- Claim Review : आतंकी हाफिज सईद से हाथ मिला रहे नरेंद्र मोदी
- Claimed By : Facebook User Kaniz Fatima
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












