X
X

Fact Check: दोपहिया वाहनों को नहीं देना होगा टोल टैक्स, फेक दावे का नितिन गडकरी ने भी किया खंडन 

दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने वालों के लिये नियमों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दावे का खंडन किया है। उन्होंने एक पोस्ट जारी कर बताया है कि दोपहिया वाहनों वाहनों को टोल टैक्स नहीं देना होगा। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jun 26, 2025 at 05:46 PM
  • Updated: Jun 26, 2025 at 06:16 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टोल टैक्स को लेकर नये नियम जारी कर दिये हैं। नये नियम के अनुसार, अब दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने वालों के लिए भी टोल टैक्स अनिवार्य होगा। यह नियम 15 जुलाई से लागू किया जायेगा।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। दोपहिया वाहनों यूजर्स के लिए टोल टैक्स के नियम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दावे का खंडन किया है। उन्होंने एक पोस्ट जारी कर बताया है कि दोपहिया वाहनों वाहनों को टोल टैक्स नहीं देना होगा। 

क्या हो रहा है वायरल ?

टीवी9 गुजराती ने 26 जून 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में अंग्रेजी में लिखा है, “15 जुलाई से भारतीय राजमार्गों पर दोपहिया वाहनों पर लगेगा टोल।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर Maqsood Rangrez ने 26 जून 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “अंधभक्तों को एक ओर सौगात अब टू व्हीलर वालो को भी देना होगा टोल टैक्स बहुत जल्द पैदल यात्रियों पर भी देशहित में योगदान लिया जाएगा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 26 जून 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, कई बड़े मीडिया संस्थानों ने दोपहिया वाहनों पर टैक्स लगाये जाने की खबरें चलाई थी, जिसका नितिन गडकरी ने खंडन किया है। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने नितिन गडकरी के आधिकारिक एक्स अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट 26 जून 2025 को शेयर की हुई मिली। नितिन गडकरी ने लिखा है, “ महत्वपूर्ण  …कुछ मीडिया हाऊसेस द्वारा दो-पहिया (Two wheeler) वाहनों पर टोल टैक्स लगाए जाने की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है। ऐसा कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं हैं। दो-पहिया वाहन के टोल पर पूरी तरह से छूट जारी रहेगी। बिना सच्चाई जाने भ्रामक खबरें फैलाकर सनसनी निर्माण करना स्वस्थ पत्रकारिता के लक्षण नहीं है। मैं इसकी निंदा करता हूं।” नितिन गडकरी ने टीवी9भारतवर्ष को इस पोस्ट में टैग भी किया है।

https://twitter.com/nitin_gadkari/status/1938158967978397755

पीआईबी फैक्ट चैक ने भी वायरल दावे का खंडन किया है। पीआईबी ने 26 जून 2025 को पोस्ट करते हुए लिखा है, “कई सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि 15 जुलाई 2025 से दोपहिया वाहनों को राजमार्गों पर टोल देना होगा। यह दावा फेक है।”

जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट एनएचएआई के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। एनएचएआई ने 26 जून 2025 को पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, “#FactCheck: कुछ मीडिया संस्थानों ने ऐसी खबरें चलाई हैं कि भारत सरकार दोपहिया वाहनों पर यूजर फीस लगाने की योजना बना रही है। #NHAI यह स्पष्ट करना चाहता है कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। दोपहिया वाहनों के लिए टोल शुल्क लगाने की कोई योजना नहीं है। #FakeNews”

हमें टीवी9 भारतवर्ष के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वायरल दावे से जुड़ी एक पोस्ट मिली। 26 जून 2025 को पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा गया है, “दो पहिया वाहनों को नहीं देना होगा टोल टैक्स ….TV9 भारतवर्ष ने कुछ देर पहले ये खबर चलाई थी कि अब NHAI पर टू व्हीलर्स को टोल टैक्स देना होगा, इस खबर का खंडन करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि ये खबर गलत है.  यानी टू व्हीलर्स पर कोई भी टोल टैक्स नहीं लगेगा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।

सड़क एवं परिवहन ने 7 नवंबर 2020 को फास्टैग (टोल का भुगतान करने वाला डिवाइस) को लेकर एक प्रेस रिलीज जारी की थी। प्रेस रिलीज के अनुसार, पुराने चार पहिया वाहनों के लिए भी सरकार ने फास्टैग को अनिवार्य कर दिया था। इस प्रेस रिलीज में सिर्फ चार पहिया वाहनों और भारी वाहनों पर टोल टैक्स लगाये जाने की बात कही गई है।

पुष्टि के लिए हमने NHAI की आधिकारिक वेबसाइट को भी खंगला। हमें यहां पर भी दो पहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाये जाने को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली दैनिक जागरण में ट्रांसपोर्ट से जुड़ी खबरों को कवर करने वाले पत्रकार निमेश कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। नितिन गडकरी ने पोस्ट जारी कर इसका खंडन भी किया है। 

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Maqsood Rangrez के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब दो हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दोपहिया वाहनों यूजर्स के लिए टोल टैक्स के नियम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दावे का खंडन किया है। उन्होंने एक पोस्ट जारी कर बताया है कि दोपहिया वाहनों वाहनों को टोल टैक्स नहीं देना होगा। 

  • Claim Review : दोपहिया वाहनों पर 15 जुलाई से लगेगा टोल टैक्स।
  • Claimed By : FB User Maqsood Rangrez
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later