Fact Check: पंजाब में भाजपा विधायक पर हमले का दावा गलत, इंडोनेशिया का है वायरल वीडियो
कार पर हमला करते लोगों का वीडियो इंडोनेशिया का है। इसे पंजाब में भाजपा विधायक पर हमले के गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 12, 2025 at 03:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब में बाढ़ से सभी जिले प्रभावित हैं। वहां पर राहत और बचाव कार्य जारी है। कई संगठन, नेता और सेलेब्रिटीज वहां पर राशन समेत अन्य जरूरी सामान पहुंचा रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवाओं को एक कार पर डंडों से हमला करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो पंजाब में भाजपा विधायक को भगाने का है।
विश्वास न्यूज ने वीडियो की जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह इंडोनेशिया का है। वहां की घटना के वीडियो को पंजाब का बताकर गलत दावा किया जा रहा है। इससे पहले एक एआई वीडियो के जरिए झूठा दावा किया गया था कि पंजाब के लोगों ने भाजपा के भेजे गए राशन का बहिष्कार किया है।
वायरल पोस्ट
इंस्टा यूजर meeralam527 ने 10 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है,
“लो भाई रिजल्ट आना चालू हो गया पंजाब में भाजपा विधायक को भगाया और गाड़ी तोड़ी”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें गाड़ियों पर लगी नंबर प्लेट पर रजिस्ट्रेशन नंबर भारत का नहीं लग रहा है।
इसके बाद हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब यूजर Info Viral Terkini ID ने 26 अगस्त को इस वीडियो क्लिप के लंबे वर्जन को पोस्ट करते हुए लिखा, 25 अगस्त 2025 को प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने प्रतिनिधि सभा के एक सदस्य की गाड़ी पर हमला किया। यह वीडियो इंडोनेशिया में वायरल हो रहा है।
यूट्यूब चैनल @CaturWinata-ln3qd पर इस क्लिप को 25 अगस्त को अपलोड करते हुए इसे जकार्ता की 25 अगस्त की घटना का बताया है।
फेसबुक यूजर Shook Vlog ने भी इस वीडियो को इंडोनेशिया में हुए प्रदर्शन का बताते हुए 2 सितंबर को पोस्ट किया है।

इंस्टा यूजर radi.tya121112 ने भी 26 अगस्त को इस क्लिप का लंबा वर्जन पोस्ट किया है। इसमें दिख रही गाड़ी की नंबर प्लेट का हमने शटरस्टॉक की वेबसाइट पर मौजूद इंडोनेशिया की स्कूटी की तस्वीर पर लगी नंबर प्लेट से मिलान किया। दोनों में नंबर प्लेट एक ही तरीके से लिखे हुए हैं।

इससे पता चलता है कि वायरल वीडियो इंडोनशिया का है।
इसके बाद हमने कीवर्ड से गूगल पर इस तरह की किसी घटना के बारे में सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे यह साबित हो सके कि हाल-फिलहाल में ऐसी कोई घटना हुई है।
इस बारे में हमने दैनिक जागरण चंडीगढ़ के मुख्य संवाददाता राजेश ढल से संपर्क किया। उनका कहना है कि हाल-फिलहाल में भाजपा विधायक की गाड़ी पर हमले का कोई मामला सामने नहीं आया है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 11 सितंबर को छपी खबर के अनुसार, “राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि पंजाब में बाढ़ से 22 जिलों के 2185 गांव और 388466 लोग प्रभावित हुए हैं। इस आपदा से मरने वालों की संख्या 53 हो गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 23297 लोगों को बचाया गया है और 115 राहत शिविरों में 4533 लोग रह रहे हैं।”
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर करीब के 15 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: कार पर हमला करते लोगों का वीडियो इंडोनेशिया का है। इसे पंजाब में भाजपा विधायक पर हमले के गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह वीडियो पंजाब में भाजपा विधायक को भगाने का है।
- Claimed By : Insta User- meeralam527
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












