Fact Check: ममता बनर्जी के बेसुध होने का वीडियो पुराना, विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से संबंधित नहीं
ममता बनर्जी के बेसुध होने का वायरल वीडियो विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के बाद का नहीं है। इस वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब पांच साल पुराना है।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 5, 2026 at 04:11 PM
- Updated: May 6, 2026 at 04:21 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को हराकर पहली बार राज्य में जीत हासिल की है। इसी से जोड़ते हुए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें बेसुध होकर कार में बैठे हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बंगाल में टीएमसी को मिली हार के बाद का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब पांच साल पुराना है। साल 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी नंदीग्राम में चुनाव प्रचार कर रही थीं। इस दौरान उनके पैर में चोट लग गई थी। हालांकि, उन्होंने इस हादसे को लेकर कहा था कि उन पर हमला किया गया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘रणजीत सिंह’ ने 4 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “मोमता बानो की हालत खराब…. बेहतर इलाज के लिए बांग्लादेश रेफर किया जाए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘The Economic Times’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 10 मार्च 2021 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी कार के पास थीं, तब कुछ ‘हमलावरों’ ने उन पर हमला किया। यह हादसा तब हुआ जब वह नंदीग्राम में चुनाव प्रचार कर रही थीं। फिर ममता बनर्जी को इलाज के लिए नंदीग्राम से कोलकाता ले जाया गया था।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘आजतक’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 11 मार्च 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसके अनुसार, पार्टी के शीर्ष नेता सुखेंदु शेखर राय ने इसे लेकर कहा था कि ममता एक मंदिर में पूजा करने के बाद बिरुलिया अंचल से निकलने ही वाली थीं कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें कार में धकेल दिया और जबरन दरवाजा बंद कर दिया, जिसकी वजह से उनके बाएं पैर में चोटें आई थीं। हालांकि, बीजेपी और कांग्रेस ने इसे नाटक बताया था।
यह वीडियो हमें एनडीटीवी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इसी जानकारी के साथ 10 मार्च 2021 को शेयर किया हुआ मिला।
अधिक जानकारी के लिए हमने कोलकाता में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ जेके बाजपेयी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब पांच साल पुराना है।
क्या है संदर्भ?
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भवानीपुर सीट से बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हरा दिया है। नतीजों के दौरान ममता बनर्जी ने सीआरपीएफ पर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने के आरोप लगाए। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भाजपा के साथ मिलीभगत करने के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग की मिलीभगत से 100 सीटों पर फर्जीवाड़ा किया गया और उनकी पार्टी को हराया गया है।
पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 207 सीटों पर जीत मिली है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर ही सिमट गई है, जबकि कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) को दो-दो सीटों पर जीत हासिल हुई है। CPI(M) और ऑल इंडियन सेकुलर फ्रंट (AISF) को एक-एक सीट मिली है। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर इन नतीजों को देखा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल में खुद को झारखंड का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ममता बनर्जी के बेसुध होने का वायरल वीडियो विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के बाद का नहीं है। इस वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब पांच साल पुराना है।
- Claim Review : चुनाव में मिली हार के बाद बेसुध हुई ममता बनर्जी।
- Claimed By : FB User रणजीत सिंह
- Fact Check : झूठ
- News Report By The Economic Times, Published on 10 Mar 2021
- News Report By AajTak, Published on 11 Mar 2021
- News Report By NDTV, Published on 10 Mar 2021
-
Election Commission Of India
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












