X
X

Fact Check : इफ्तार पार्टी का यह वीडियो यूपी से संबंधित नहीं, दो साल पहले सोलापुर पुलिस ने की थी आयोजित

इफ्तार पार्टी का आयोजन करती पुलिस के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का उत्तर प्रदेश से कोई संबंध नहीं है। वीडियो साल 2022 का है और महाराष्ट्र का है। दरअसल, उस दौरान महाराष्ट्र के सोलापुर के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर हरीश बैजल ने अपने आवास पर उर्दू माध्यम के छात्रों के लिए इफ्तार का आयोजन किया था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर खाना परोसते हुए कुछ पुलिसकर्मियों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उस समय का है, जब समाजवादी पार्टी सत्ता में थी। उस दौरान अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे और पुलिसकर्मियों से पुलिस थाने में इफ्तार पार्टी का आयोजन करवाया जाता था।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का उत्तर प्रदेश से कोई संबंध नहीं है। वीडियो साल 2022 का है और महाराष्ट्र का है। दरअसल, उस दौरान महाराष्ट्र के सोलापुर के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर हरीश बैजल ने अपने आवास पर उर्दू माध्यम के छात्रों के लिए इफ्तार का आयोजन किया था।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ने 11 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सत्ता का मद और अधिकारियों की अहमियत ..* जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार में ..अखिलेश मुख्यमंत्री थेतब पुलिस थाने में इफ्तार पार्टी का आयोजन पुलिस कर्मियों को करना पड़ता था।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘सिराज नूरानी’ नामक एक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 30 अप्रैल 2022 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सोलापुर के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर ने उर्दू मीडियम के बच्चों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘मुस्लिम मिरर’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 29 अप्रैल 2022 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर ने सोशल उर्दू प्राइमरी स्कूल के 100 से ज्यादा  छात्रों और  शिक्षकों के लिए अपने आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। इस दौरान उन्होंने बच्चों को अपने घर में बने पक्षियों के बसेरों को भी दिखाया था। 

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है। 

जांच के दौरान हमें वायरल वीडियो का लंबा वजर्न ‘द लोकल जर्नलिस्ट’ और ‘मुंबई टाइम्स‘ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 30 अप्रैल 2022 को महाराष्ट्र के सोलापुर का बताकर ही शेयर किया गया है।

सोलापुर पुलिस ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इस इफ्तार पार्टी की एक तस्वीर को 29 अप्रैल 2022 को शेयर किया था। कैप्शन में मौजूद जानकारी के मुताबिक, तत्कालीन पुलिस कमिश्नर हरीश बैजल ने अपने आवास पर बच्चों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। 

गौरतलब है कि विभिन्न न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कई बार इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। 

लोकसत्ता मराठी की वेबसाइट पर 31 मई 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, हरीश बैजल साल 2022 में ही रिटायर हो गये थे।

पहले भी यह वीडियो एक अन्य दावे के साथ वायरल हो चुका है। उस दौरान हमने सोलापुर पुलिस से संपर्क किया था। उनका कहना था, यह वीडियो सोलापुर में हुई इफ्तार पार्टी का है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इफ्तार पार्टी का आयोजन करती पुलिस के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का उत्तर प्रदेश से कोई संबंध नहीं है। वीडियो साल 2022 का है और महाराष्ट्र का है। दरअसल, उस दौरान महाराष्ट्र के सोलापुर के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर हरीश बैजल ने अपने आवास पर उर्दू माध्यम के छात्रों के लिए इफ्तार का आयोजन किया था।

  • Claim Review : अखिलेश यादव के कार्यकाल के समय थाने में इफ्तार पार्टी आयोजित करते हुए पुलिसकर्मियों का वीडियो।
  • Claimed By : FB User अखण्ड भारत अखण्ड हिन्दुत्त्व
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later