Fact Check: लालू यादव से नीतीश की मुलाकात के ये वीडियो और फोटो पुराने हैं, सीएम की शपथ लेने से पहले के नहीं
बिहार में सीएम पद की शपथ लेने से पहले नीतीश कुमार का लालू आवास पर जाने का दावा फेक है। दोनों के वायरल वीडियो और फोटो पुराने हैं। उस समय महागठबंधन की सरकार थी और तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम थे।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 21, 2025 at 12:33 PM
- Updated: Nov 24, 2025 at 02:03 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव में एनडीए की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। इस दौरान सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख एवं पूर्व सीएम लालू यादव के वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि नीतीश ने सीएम की शपथ लेने से पहले लालू के घर जाकर उनसे मुलाकात की।
विश्वास न्यूज की जांच में वीडियो और फोटो पुराने निकले। जनवरी 2024 में जब तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम थे, तब नीतीश मकर संक्रांति के अवसर पर लालू के आवास पर गए थे। वायरल वीडियो उस दौरान का है। वहीं, वायरल तस्वीर अगस्त 2022 की है। उस समय भी तेजस्वी डिप्टी सीएम थे।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर pramodrost ने 20 नवंबर को वीडियो और फोटो का कोलाज शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सपत लेन से पहले नीतीश कुमार पहुचे लालू यादव के घर पर, नीतीश कुमार आज दसवीं बार बिहार के सीएम का पदभार संभालेंगे. गुरुवार को सुबह साढ़े 11 बजे वह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगे. उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 15 जनवरी 2024 को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स देखे जा सकते हैं। खबर के अनुसार, मकर संक्रांति के अवसर सीएम नीतीश कुमार पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर गए। वह लालू यादव की ओर से आयोजित दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने खुद मुख्यमंत्री की आगवानी की थी।

अमर उजाला के यूट्यूब चैनल पर 15 जनवरी 2024 को अपलोड वीडियो न्यूज में भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, मकर संक्रांति के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पहुंचे।
इसके बाद हमने नीतीश और लालू की तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। एनडीटीवी की वेबसाइट पर 18 अगस्त 2022 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड है। इसमें वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती फोटो अपलोड की गई है। खबर के अनुसार, नीतीश कुमार ने पटना में लालू के आवास पर मुलाकात की। उस दौरान डिप्टी सीएम तेजस्वी और तेज प्रताप यादव भी मौजूद रहे।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने 17 अगस्त 2022 को नीतीश और लालू की मुलाकात की कुछ तस्वीरों को पोस्ट किया है। पोस्ट के अनुसार, नीतीश लालू से मिलने पहुंचे।
इससे साफ होता है कि नीतीश और लालू की मुलाकात के वीडियो और फोटो पुराने हैं, अभी के नहीं हैं।
हमने शपथ से पहले नीतीश के लालू के आवास पर जाने के बारे में कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया, क्योंकि अगर नीतीश शपथ से पहले लालू के आवास पर गए होते तो मीडिया में जरूर आता, लेकिन सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
इस बारे में हमने दैनिक जागरण पटना में रिपोर्टर प्रशांत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि शपथ लेने से पहले नीतीश लालू के आवास पर नहीं गए थे।
दैनिक जागरण के पटना संस्करण में 21 नवंबर को छपी खबर के अनुसार, पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के सीएम के रूप में शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के कई राज्यों के सीएम भी वहां मौजूद रहे।

पुराने वीडियो और फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं और उसके करीब 1 लाख 11 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बिहार में सीएम पद की शपथ लेने से पहले नीतीश कुमार का लालू आवास पर जाने का दावा फेक है। दोनों के वायरल वीडियो और फोटो पुराने हैं। उस समय महागठबंधन की सरकार थी और तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम थे।
- Claim Review : नीतीश ने सीएम की शपथ लेने से पहले लालू के घर जाकर उनसे मुलाकात की।
- Claimed By : Insta User- pramodrost
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












