Fact Check: धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में शामिल नहीं हुए सीएम योगी आदित्यनाथ
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का दावा फेक है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 17, 2025 at 06:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का वृंदावन में समापन हो गया। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक जनसभा में बुलडोजर पर सवार लोगों और वहां मौजूद भीड़ को देखा जा सकता है। इसे शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदयात्रा में शामिल हुए हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल दावा गलत है। सीएम यागी आदित्यनाथ सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में नहीं शामिल हुए थे।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर dhiraj_soni_535 ने 15 नवंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। वीडियो पर लिखा है, “पदयात्रा में शामिल हुए हमारे श्रीमान मुख्यमंत्री योगी जी“।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया लेकिन ऐसी कोई भी मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
बागेश्वर धाम फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम हैंडल को हमने स्कैन किया। सोशल मीडिया हैंडल्स पर पदयात्रा की तस्वीरें अपलोड की गई हैं। 7 नवंबर को शुरू हुई पदयात्रा में मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और बॉलीवुड सितारों शिल्पा शेट्टी व राजपाल यादव आदि को देखा जा सकता है। हालांकि, हमें इनमें योगी आदित्यनाथ की कोई फोटो नहीं मिली।
हमने योगी आदित्यनाथ का एक्स हैंडल भी चेक किया, लेकिन हमें इस तरह की कोई पोस्ट नहीं मिली।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर omronit6 ने 10 नवंबर को इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे भीमपुर में हुई योगी आदित्यनाथ की जनसभा का बताया।

एक अन्य इंस्टाग्राम यूजर its_manish_068 ने भी इस वीडियो को भीमपुर में हुई जनसभा का बताते हुए 10 नवंबर को पोस्ट किया।

बिहार के छातापुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में रहे भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिंह की फेसबुक प्रोफाइल को हमने चेक किया। इससे 10 नवंबर को एक वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें उनको योगी आदित्यनाथ के साथ दिखाया गया है। वीडियो को भीमपुर की जनसभा का बताया गया है।

10 नवंबर को न्यूज 18 बिहार के फेसबुक पेज पर भीमपुर में योगी आदित्यनाथ की जनसभा से संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है।

इस बारे में हमने बागेश्वर धाम के मीडिया समन्वयक कमल अवस्थी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा में एमपी के सीएम मोहन यादव और हरियाणा के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल हुए थे। इसमें योगी आदित्यनाथ शामिल नहीं हुए थे।
10 नवंबर को बिहार के भीमपुर में योगी आदित्यनाथ ने जनसभा की थी, लेकिन वायरल वीडियो के सटीक लोकेशन और समय की हम पुष्टि नहीं करते हैं। हालांकि, यह तो साफ है कि योगी आदित्यनाथ पदयात्रा में शामिल नहीं हुए थे।
गलत दावे को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 7700 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का दावा फेक है।
- Claim Review : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में शामिल हुए हैं।
- Claimed By : Insta User- dhiraj_soni_535
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












