Fact Check : वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स कांग्रेस MLA नहीं है
- By Vishvas News
- Updated: December 22, 2019

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया की दुनिया में अनिल उपाध्याय नाम के एक कथित विधायक फिर से लौट आए हैं। कभी इस कथित विधायक को भाजपा का तो कभी कांग्रेस का बताकर लगातार वायरल किया जाता रहा है। अब एक वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि इसमें दिख रहे शख्स कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्याय हैं।
विश्वास न्यूज ने जब वायरल पोस्ट की पड़ताल की तो पता चला कि जिस व्यक्ति का वीडियो वायरल हो रहा है, वह किसी पार्टी से नहीं जुड़े हुए हैं। कांग्रेस विधायक वाली बात पूरी तरह झूठ है। वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम मोहन चंद्र पांडेय है। वे दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो 10 अप्रैल 2019 को चंडीगढ़ में बनाया गया था। जिसके बाद यह कई बार वायरल हो चुका है।
क्या है वायरल पोस्ट में
फेसबुक पर बलविंदर माली और पंडित दिनेश दूबे नाम के यूजर ने वायरल वीडियो को कांग्रेस विधायक का बताकर वायरल किया। पंडित दिनेश दूबे ने 19 दिसंबर को इस वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा : ”कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्याय अनजाने में कह गया पर सही बोल दिया”
इस पोस्ट के आर्काइवड वर्जन को यहाँ देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो की शुरुआत में ही एक व्यक्ति को पांडेय जी बोलते हुए सुना जा सकता है। मतलब वीडियो में दिख रहे शख्स का सरनेम उपाध्याय नहीं पांडेय है।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो में से एक एक ग्रैब निकाल कर Yandex और गूगल रिवर्स इमेज में सर्च करना शुरू किया। किसी जगह इन्हें अनिल उपाध्याय बताया गया तो किसी जगह मोहन चंद्र पांडेय।
हमने गूगल, फेसबुक और दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट पर जाकर मोहन चंद्र पांडेय को खोजना शुरू किया। सर्च के दौरान हमें फेसबुक पर मोहन चंद्र पांडेय नाम का एक अकाउंट मिला। यह यूजर और वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स एक जैसा ही दिखा। अकाउंट को खंगालने के दौरान हमें पता चला कि यह यूजर ऐसे कई वीडियो पहले भी बना चुका है।

इसी दौरान हमें मोहन चंद्र पांडेय के फेसबुक अकाउंट पर 10 अप्रैल 2019 को अपलोड वीडियो मिला। यह वही वीडियो था, जिसे कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्याय के नाम से कुछ लोग फैला रहे हैं। ओरिजनल वीडियो आप यहां देख सकते हैं। इसमें मोहन चंद्र पांडेय को पॉलिटिकल कमेंट करते हुए देखा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान हम Myneta.info वेबसाइट पर गए। इस वेबसाइट पर देशभर के विधायक और सांसदों का रिकॉर्ड मौजूद है। यहां हमने अनिल उपाध्याय नाम के विधायक और सांसद को खोजना शुरू किया तो हमें इस नाम का कोई विधायक नहीं मिला, जो फिलहाल कांग्रेस से जुड़ा हुआ हो।

पड़ताल के अंतिम चरण में हमने मोहन चंद्र पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने विश्वास न्यूज को बताया कि कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्याय के नाम से अभी वायरल हो रहा वीडियो पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। मेरा किसी भी पॉलिटिकल पार्टी से कोई संबंध नहीं है। मैं जो भी वीडियो बनाता हूं, एक आम आदमी की हैसियत से बनाता हूं। हालांकि, कुछ लोग इसे राजनीतिक रंग देकर झूठे दावे के साथ वायरल कर देते हैं।
अंत में हमने फेसबुक यूजर पंडित दिनेश दूबे के अकाउंट को खंगाला। हमें सोशल स्कैनिंग से पता चला कि दिल्ली में रहने वाले दिनेश ने यह अकाउंट जून 2012 को बनाया था। एक खास विचारधारा से प्रभावित यह यूजर खास किस्म की पोस्ट ही करता है।

निष्कर्ष : विश्वास टीम की पड़ताल में पता चला कि कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्याय के नाम पर वायरल वीडियो फर्जी है। वीडियो में कोई विधायक नहीं, बल्कि मोहन चंद्र पांडेय हैं। वायरल वीडियो को पहली बार फेसबुक पर 10 अप्रैल 2019 को मोहन चंद्र पांडेय की ओर से अपलोड किया गया था। इसी वीडियो को कई बार कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्याय के नाम पर वायरल किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें
- Claim Review : दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा शख्स कांग्रेस विधायक है अनिल उपाध्याय है
- Claimed By : फेसबुक यूजर पंडित दिनेश दूबे
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-