X
X

Fact Check : लेफ्टिनेंट किरण शेखावत का 2015 में हुआ था निधन, भ्रामक है वायरल पोस्‍ट

लेफ्टिनेंट किरण शेखावत का मार्च 2015 में एक विमान दुघर्टना में निधन हो गया था। उन्‍हीं से जुड़ी सूचना को कुछ लोग अभी वायरल करके भ्रम फैला रहे हैं।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: May 14, 2025 at 12:04 PM
  • Updated: May 16, 2025 at 10:46 AM

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। पहलगाम में पिछले महीने हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविरों को निशाना बनाते हुए उस पर एयर स्ट्राइक की। फिलहाल दोनों मुल्‍कों में संघर्ष विराम जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया में एक पोस्‍ट वायरल हो रही है। इस पोस्‍ट में दावा किया जा रहा है कि किरण शेखावत नाम की एक महिला अफसर शहीद हो गईं।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे भारत-पाक के वर्तमान तनाव के बीच हालिया समझकर शेयर कर रहे हैं। विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। दरअसल लेफ्टिनेंट किरण शेखावत नाम की महिला अफसर का मार्च 2015 में एक विमान दुघर्टना में निधन हो गया था। उन्‍हीं से जुड़ी सूचना को कुछ लोग अभी वायरल करके भ्रम फैला रहे हैं।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर News Mission ने 12 मई को एक पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “शहीद महिला अफसर किरण शेखावत केवल 27 वर्ष की आयु में वीरगति को प्राप्त हुई।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की पड़ताल के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्‍तेमाल किया। इसके जरिए वायरल पोस्‍ट में इस्‍तेमाल की गई तस्‍वीर को सर्च करने पर हमें इंस्‍टाग्राम पर एक पुरानी पोस्‍ट मिली। 1 मई 2020 की इस पोस्‍ट में बताया गया मार्च 2015 में ड्यूटी के दौरान किरण शेखावत गोवा में शहीद हो गई थीं।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें किरण शेखावत से जुड़ी कई मीडिया रिपोर्ट्स मिली। 29 मार्च 20़15 की इस खबर में बताया गया कि लेफ्टिनेंट किरण शेखावत का विमान गोवा तट पर एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। कुछ दिन बाद उनका शव मिला।

पत्रिका डॉट कॉम पर पब्लिश एक पुरानी खबर में बताया गया, “किरण का जन्म राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव सेफरागुंवार में 1 मई 1988 को हुआ था और शादी हरियाणा के मेवात के कुर्थला गांव निवासी लेफ्टिनेंट विवेक सिंह छोंकर से हुई थी। सेना से पारिवारिक जुड़ाव होने से किरण में बचपन से सेना में भर्ती होने का जज्बा था। वर्ष २०१० में उसने आखिरकार इस जज्बे को हासिल कर लिया था। शादी के दो साल बाद ही शहीद हो गईं।”

भारतीय नेवी के प्रवक्‍ता कैप्‍टन विवेक मधवाल ने विश्‍वास न्‍यूज से बातचीत में बताया कि वायरल पोस्‍ट में दी गई जानकारी पुरानी है।

विश्‍वास न्‍यूज ने लेफ्टिनेंट किरण शेखावत के पिता विजेंद्र सिंह शेखावत से बात की। उन्‍होंने बताया कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर उनकी बेटी के निधन से जुड़ी पुरानी पोस्‍ट वायरल कर रहे हैं। किरण का मार्च 2015 में निधन हुआ था।

जांच के अंत में हमने भ्रामक पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की। न्‍यूज मिशन नाम के इस फेसबुक पेज को 80 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यह पेज हिमाचल प्रदेश के कुल्‍लू से संचालित होता है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि वायरल पोस्‍ट भ्रामक है। वर्ष 2015 में लेफ्टिनेंट किरण शेखावत का एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। उसी से जुड़ी पोस्‍ट को अब भारत-पाकिस्‍तान के तनाव के बीच वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : शहीद महिला अफसर किरण शेखावत केवल 27 वर्ष की आयु में वीरगति को प्राप्त हुई।
  • Claimed By : FB User News Mission
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later