X
X

Fact Check : बिहार के CM नीतीश कुमार पर हमले का पुराना वीडियो वक्फ मामले से जोड़ते हुए किया गया वायरल

मार्च 2022 में बख्तियारपुर में एक कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने नीतीश कुमार पर हमला कर दिया था। उसी वक्‍त के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ी एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें एक युवक को उन पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। इसे वायरल करते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बिहार में एक युवा ने वक्फ बिल पर समर्थन करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को थप्‍पड़ जड़ दिया।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल दावे की जांच की। यह गलत साबित हुआ। नीतीश कुमार पर हमले के पुराने वीडियो को वक्‍फ बिल से जोड़ते हुए वायरल किया गया है। दरअसल, मार्च 2022 में बख्तियारपुर में एक कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने नीतीश कुमार पर हमला कर दिया था। उसी वक्‍त के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Vilas Kharat ने 4 अप्रैल को एक वीडियो क्लिप अपलोड करते हुए दावा किया, “वक्फ बिल पर समर्थन करने के लिए बिहार के एक युवा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जड़ा थप्पड़। अभी तो महाबोधि महाविहार के मुद्दे पर जनता का गुस्सा बाकी है। मान जाओ बिहार सरकार…..।”

वीडियो क्लिप के ऊपर लिखा गया कि युवक ने मुख्‍यमंत्री को मारा थप्‍पड़।

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल क्लिप के बारे में जानकारी जुटाने के लिए दो ऑनलाइन टूल का इस्‍तेमाल किया। सबसे पहले क्लिप के कई कीफ्रेम्‍स निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें मोजो स्‍टोरी नाम के एक यूट्यूब चैनल पर असली वीडियो मिला। 27 मार्च 2022 की इस रिपोर्ट में बताया गया कि बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार पर बख्तियारपुर में एक कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने हमला कर दिया। वीडियो में युवक को हमला करते हुए देखा जा सकता है। यह युवक स्‍थानीय था। घटना के तुरंत बाद उसे हिरासत में ले लिया गया था।

सर्च के दौरान हमें एएनआई के एक्‍स हैंडल पर भी घटना से जुड़ा वीडियो मिला। 27 मार्च 2022 की इस पोस्‍ट में भी बताया गया कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार पर एक युवक ने हमले का प्रयास किया।

जांच के दौरान गूगल ओपन सर्च टूल का भी इस्‍तेमाल किया गया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें जागरण डॉट कॉम पर एक पुरानी खबर मिली। 28 मार्च 2022 की इस खबर में बताया गया कि बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार जब पटना के बख्तियारपुर में स्वतंत्रता सेनानी पंडित शीलभद्र याजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे, उसी वक्‍त एक युवक ने नीतीश कुमार पर हमले का प्रयास किया। खबर में यह भी लिखा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने ऊपर हमले का प्रयास करने वाले युवक पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा था कि जिस युवक ने यह कोशिश की वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, बिहार के राज्‍य ब्‍यूरो प्रमुख अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल वीडियो कुछ साल पुराना है। उस वक्‍त नीतीश कुमार के साथ यह घटना बख्तियारपुर में हुई थी। युवक विक्षिप्त था।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार की पार्टी ने वक्‍फ संशोधन बिल का समर्थन किया है। जिसके बाद कई नेता बगावत पर उतर आए हैं। नीतीश कुमार को अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं का विरोध का सामना करना पड़ा।

जांच के अंत में गलत दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला विलास खरात दिल्‍ली में रहते हैं। इस यूजर को फेसबुक पर एक लाख से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि मार्च 2022 में एक कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार पर एक युवक ने हमला कर दिया था। उसी वक्‍त की घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : वक्‍फ बिल का सपोर्ट करने पर नीतीश कुमार पर हमला
  • Claimed By : FB User Vilas Kharat
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later