Fact Check : राहुल गांधी ने पिता की समाधि से उठाया फूल, झूठे आपत्तिजनक दावे के साथ वीडियो वायरल
राहुल अपने पिता राजीव गांधी की समाधि से एक फूल उठाकर अपनी जेब में रख लिया था। उसी वीडियो को कुछ लोग आपत्तिजनक झूठे दावे के साथ राहुल गांधी के खिलाफ वायरल कर रहे हैं।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 23, 2025 at 02:41 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। लोकसभा में विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें एक समाधि से कुछ उठाकर अपनी जेब में रखते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को आपत्तिजनक भाषा के साथ शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि राहुल गांधी ने बापू की समाधि से सिक्का उठाकर जेब में रखा।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की। यह झूठा साबित हुआ। दरअसल, राहुल अपने पिता राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी समाधि पर गए थे। वहीं, उन्होंने समाधि से एक फूल उठाकर अपनी जेब में रख लिया था। उसी वीडियो को अब कुछ लोग आपत्तिजनक झूठे दावे के साथ राहुल गांधी के खिलाफ वायरल कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर नितिन पाल सनातनी ने 23 मई को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “अर्थी निकलते वक्त या श्मशान घाट पर यूं तो सिक्के डालने की परंपरा पुरानी है, पर सिक्का उठाने की इस पहल का दिल खोल कर स्वागत है। बापू की समाधि पर चढ़ाया हुआ सिक्का उठाकर जेब में डाल लिया।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को सर्च करने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया। वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकालकर इसे गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें लाइव हिंदुस्तान के यू-ट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। इसमें वायरल वीडियो वाला हिस्सा मिला। 21 मई की इस रिपोर्ट में 1:30 मिनट की टाइम लाइन में वही हिस्सा देखा जा सकता है। इसमें बताया गया कि राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी की समाधि से एक फूल उठाकर याद में रख लिया। यह भावुक पल कैमरे में कैद हो गया।
सर्च के दौरान यही वीडियो हमें कांग्रेस की राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक सुप्रिया भारद्वाज के एक्स हैंडल पर भी मिला। वीडियो के साथ लिखा गया है, “एक भावुक लम्हा। जब आँखे तक नम हो गई। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज उनके पिताजी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की समाधि से एक फूल उठाकर अपनी जेब में रखा लिया।”
वायरल वीडियो हमें उत्तराखंड कांग्रेस के एक्स हैंडल पर भी मिला। इसे 21 मई को पोस्ट करते हुए लिखा गया कि राहुल गांधी द्वारा राजीव गांधी जी की याद में समाधि से उठाया एक फूल बहुत कुछ कह गया।
विश्वास न्यूज जांच के अंत में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने राजीव गांधी की समाधि वीर भूमि से पुष्पों को अपनी जेब में रखा था। लेकिन, संकुचित मानसिकता वाले वीडियो को झूठे दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। नितिन पाल सनातनी नाम के यूजर के फेसबुक पर 5.9 हजार से ज्यादा फ्रेंड हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुआ। राहुल गांधी ने अपने पिता की समाधि से फूल उठाया था। उसी से जुड़े वीडियो को आपत्तिजनक झूठे दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : राहुल गांधी ने बापू की समाधि से सिक्का उठाया
- Claimed By : FB User Nitin Pal Sanatani
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












