Fact Check : राहुल गांधी ने अपने लिए नहीं कही थी 40 साल में इज्जत वाली बात, असली वीडियो से की गई छेड़छाड़
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह पूरी तरह फर्जी साबित हुई। राहुल गांधी के भाषण में से एक हिस्सा जानबूझकर क्रॉप करके गलत मंशा के साथ वायरल वीडियो को तैयार किया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Apr 14, 2025 at 01:22 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि 40 साल मे किसी एक व्यक्ति ने मुझे इज्जत नही दी। वीडियो में अलग-अलग क्लिप जोड़कर शेयर किया जा रहा है। इस बयान को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह पूरी तरह फर्जी साबित हुई। राहुल गांधी के भाषण में से एक हिस्सा जानबूझकर क्रॉप करके गलत मंशा के साथ वायरल वीडियो को तैयार किया गया है। दरअसल असली वीडियो में राहुल गांधी एक व्यक्ति से हुई मुलाकात के बारे में बता रहे थे। असली वीडियो को ऐसे एडिट किया गया, जिससे लगे कि राहुल गांधी ने खुद के बारे में वायरल बयान दिया है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट पूरी तरह झूठी साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर संजय कुमार ने एक वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “40 साल मे किसी एक व्यक्ति ने मुझे इज्जत नही दी….कल बिहार मे फिर से कॉमेडी शो करके आया है…ये बंदा…”
वीडियो के ऊपर लिखा गया कि ये आदमी अपनी बेइज्जती कराने के लिए पैदा हुआ है। इसके अलावा वायरल वीडियो को राहुल गांधी के एडिटेड बयान और अन्य क्लिप को जोड़कर तैयार किया गया।

वायरल पोस्ट का आकाईव वर्जन यहां देखा जा सकता है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट में लिखे गए दावे को ज्यों का त्यों ही लिखा गया है।
पड़ताल
राहुल गांधी के वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले गए। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें असली वीडियो राहुल गांधी के यूटट चैनल पर मिला। सात अप्रैल के इस वीडियो में एक मिनट की टाइम लाइन के बाद वायरल वीडियो वाले हिस्से को सुना जा सकता है।
दरअसल, राहुल गांधी पटना में एक कार्यक्रम में बोलते हुए सुल्तानपुर के चेतराम का जिक्र कर रहे थे। चालीस साल में सम्मान की बात राहुल गांधी चेतराम के लिए कह रहे थे, ना कि खुद के लिए।
वायरल वीडियो का पूरा संदर्भ हमें कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो से भी मिला। इसमें राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “मैं यूपी के सुल्तानपुर गया तो वहां जूते बनाने वाले चेतराम जी से मुलाकात हुई। मैंने 40 मिनट की मुलाकात में देख लिया कि उनमें हुनर की कोई कमी नहीं है। वे हर तरह का जूता बना सकते हैं और वो यह काम 40 साल से कर रहे हैं। चेतराम जी ने बताया कि इन 40 साल में मुझे किसी ने इज्जत नहीं दी, सिर्फ मेरे पिता के अलावा। चेतराम जी ने बताया कि अगर मुझे जूते बनाने वाली मशीन मिल जाए तो मेरा काम डबल हो जाएगा। इस बातचीत के बाद हमने उन्हें एक मशीन दिला दी। तीन महीने बाद चेतराम जी ने मुझे फ़ोन किया और बताया कि अब मेरी दो दुकानें हैं और 10 लोग काम करते हैं। मुझे लग रहा है इस मशीन से मैं 4-5 दुकानें खोल पाऊंगा।”
हमें द भारत नाउ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी असली वीडियो मिला। 8 अप्रैल को अपलोड इस वीडियो न्यूज में बताया गया कि राहुल गांधी ने पटना में सुनाया सुल्तानपुर के चेतराम की कहानी।
विश्वास न्यूज जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संयोजक (सोशल मीडिया विभाग) नितिन अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी है। असली वीडियो में राहुल गांधी सुल्तानपुर में चेतराम से हुई मुलाकात के बारे में बता रहे थे। उसी हिस्से के साथ छेड़छाड़ करके वायरल वीडियो को तैयार किया गया है। बिहार में कांग्रेस की बढ़त से कुछ दल डर गए हैं। इसलिए राहुल गांधी के वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके ट्रोल आर्मी की फैक्ट्री से वायरल किया जा रहा है।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। इस अकाउंट को पांच सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर मेरठ का रहने वाला है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो फर्जी है। राहुल गांधी के भाषण के एक हिस्से के साथ छेड़छाड़ करके वायरल वीडियो तैयार किया गया है। असली वीडियो में राहुल गांधी सुल्तानपुर में चेतराम से हुई मुलाकात का जिक्र कर रहे थे।
- Claim Review : राहुल गांधी ने कहा 40 साल मे किसी एक व्यक्ति ने मुझे इज्जत नही दी.
- Claimed By : FB User Sanjay Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












