X
X

Fact Check : राजस्‍थान के CM भजनलाल क्रिकेट खेलते हुए नहीं गिरे, ओडिशा के नेता का पुराना वीडियो वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की विस्‍तार से जांच की। दावा गलत साबित हुआ। वीडियो में राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री नहीं, ओडिशा के बीजेडी नेता भूपिंदर सिंह हैं।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। देश में आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक व्‍यक्ति को क्रिकेट खेलते हुए गिरते देखा जा सकता है। इस शख्‍स को राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री भजनलाल बताकर शेयर किया जा रहा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की विस्‍तार से जांच की। दावा गलत साबित हुआ। वीडियो में राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री नहीं, ओडिशा के बीजेडी नेता भूपिंदर सिंह हैं। यह वीडियो पुराना है। इसे भजनलाल के नाम पर वायरल करके झूठ फैलाया गया है। एक बार पहले भी यह वीडियो वायरल हो चुका है। उस वक्‍त की पड़ताल को यहां पढ़ें।

क्‍या हो रहा है वायरल

इंस्‍टाग्राम हैंडल sunil_meena_piplda ने 18 अप्रैल को एक वीडियो पोस्‍ट किया। वीडियो के ऊपर लिखा गया, “राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री छक्‍का लगाते हुए। भजनलाल साहब। दुनिया का सबसे लंबा छक्‍का जड़कर रिकॉर्ड बनाया। राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री लगता है आईपीएल बंद करवा कर ही मानेगा।”

पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर दूसरे यूजर्स भी शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। यदि भजनलाल के साथ ऐसा हादसा होता तो वह जरूर खबरों में आता। हमें गूगल सर्च के जरिए ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की सत्‍यता की पुष्टि कर सके।

पड़ताल के अगले चरण में वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें नवभारत टाइम्‍स की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 29 दिसंबर 2023 की इस खबर में बताया गया कि ओडिशा के नारला के बीजेडी विधायक भूपेन्द्र सिंह कालाहांडी में एक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने गए, तभी बल्लेबाजी में हाथ आजमाने लगे, शॉट मारने की कोशिश में पिच पर जा गिरे और बुरी तरह चोटिल हो गए।

खबर में ज्ञानेंद्र शुक्‍ला नाम के एक्‍स हैंडल से पोस्‍ट किया गया वीडियो भी मिला। वीडियो 29 दिसंबर 2023 को पोस्‍ट किया गया था। इसमें भी वीडियो को भूपिंदर सिंह का बताया गया।

सर्च के दौरान कनक न्‍यूज के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। इसमें भी विस्‍तार से जानकारी देते हुए लिखा गया कि क्रिकेट मैच के उद्घाटन के वक्‍त बीजेडी विधायक भूपिंदर सिंह घायल हो गए। यह रिपोर्ट 25 दिसंबर 2023 को अपलोड की गई।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल के दौरान दैनिक जागरण, ओडिशा के संवादाता शेषनाथ राय से बात की। उन्‍होंने वायरल वीडियो को लेकर बताया कि भूपिंदर सिंह के साथ यह हादसा हुआ था। वीडियो पुराना है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। sunil_meena_piplda नाम का यह हैंडल मई 2023 को बनाया गया। इसे पांच हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री भजनलाल के नाम पर वायरल हुई पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। ओडिशा के नेता भूपिंदर सिंह का पुराना वीडियो गलत दावे के साथ वायरल किया गया।

  • Claim Review : राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री भजन लाल का वीडियो
  • Claimed By : IG Handel sunil_meena_piplda
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later