Fact Check: बेंगलुरु में 2022 में राकेश टिकैत पर फेंकी गई थी स्याही, पुरानी घटना को अभी का बताकर किया गया वायरल
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। 2022 में भाजपा सरकार में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के साथ हुई एक घटना को अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 15, 2026 at 01:35 PM
- Updated: Jun 15, 2026 at 02:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘भारतीय किसान यूनियन’ (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पर स्याही फेंकने के नाम पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें उनके चेहरे पर स्याही देखी जा सकती है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे कांग्रेस सरकार में हुई घटना का बताकर वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज 2024 में भी इससे जुड़े वीडियो की जांच कर चुका है। दरअसल, मई 2022 में बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान राकेश टिकैत के साथ यह घटना हुई थी। उस वक्त एक शख्स ने उन पर माइक से हमला किया था, जबकि दूसरे ने स्याही फेंकी थी। हमारी जांच में पता चला कि 2022 की घटना को अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘मनीष सिंह’ ने 14 जून 2026 को एक पोस्ट में दावा किया, “कर्नाटक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत और किसान नेता युधवीर सिंह पर काली स्याही फेंकी गई। अब लोकतंत्र खतरे में नहीं है आएगा क्योंकि वहां कांग्रेस की सरकार है अगर भाजपा होती यह घागरा उठाकर नाच रहा होता अभी तक।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे हाल की घटना बताकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज पहले भी वायरल पोस्ट वाली घटना की सच्चाई सामने ला चुका है। उस वक्त हमें घटना से जुड़ा असली वीडियो ‘अर्जुन गुप्ता’ नाम के एक एक फेसबुक यूजर के अकाउंट पर मिला था। इसे 30 मई 2022 को अपलोड किया गया था। इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल दावे में जिस घटना का जिक्र किया गया है, वह हाल-फिलहाल की घटना नहीं है।

गूगल ओपन सर्च के दौरान हमें ‘भास्कर डॉट कॉम’ पर करीब चार साल पुरानी एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि बेंगलुरु के गांधी भवन में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पर काली स्याही फेंकी गई थी। घटना उस समय हुई जब किसान नेता टिकैत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है।

सर्च के दौरान हमें ‘एनडीटीवी’ के यूट्यूब चैनल पर भी 30 मई 2022 को अपलोड की हुई एक रिपोर्ट मिली। इसमें राकेश टिकैत पर हमले के वीडियो को दूसरे एंगल से दिखाया गया है। इसमें बताया गया था कि किसान नेता राकेश टिकैत पर बेंगलुरु में एक प्रेस वार्ता के दौरान माइक से हमला किया गया था।
जांच के दौरान हमें ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की वेबसाइट पर छपी एक पुरानी खबर मिली। 1 फरवरी 2023 की इस खबर में बताया गया कि मई 2022 में बेंगलुरु में हुए एक कार्यक्रम के दौरान राकेश टिकैत पर इंक फेंकने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। यह घटना गांधी भवन में हुई थी। इस मामले में भरत शेट्टी, शिवकुमार और प्रदीप नायक की गिरफ्तारी हुई थी। शिवकुमार की शिकायत पर पुलिस ने टिकैत और कुछ अन्य लोगों पर हमला करने के मामले में केस दर्ज किया।
पिछली पड़ताल के दौरान विश्वास न्यूज ने कर्नाटक के स्थानीय टीवी पत्रकार यासिर खान से संपर्क किया था। उन्होंने वायरल पोस्ट को लेकर बताया था कि 2022 में जब राकेश टिकैत गांधी भवन में प्रेस वार्ता कर रहे थे, तब यह घटना हुई थी।
हमारी जांच में यह भी पता चला कि 2022 में कर्नाटक में बसवराज बोम्मई की सरकार थी। भाजपा के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने 27 जुलाई 2021 से 20 मई 2023 तक कर्नाटक के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया, जबकि 20 मई 2023 से राज्य में कांग्रेस की सरकार है ।
क्या है संदर्भ?
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की पहचान एक किसान नेता के तौर पर पूरे देश में है। वह किसान महापंचायतों और आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। आजतक की खबर के अनुसार, मार्च 2026 में राकेश टिकैत को ओडिशा के भुवनेश्वर में किसानों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद पश्चिमी यूपी में काफी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला था।
जांच के अंत में पुरानी घटना को अभी का बताकर झूठ फैला रहे यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। पता चला कि मनीष सिंह नाम के इस फेसबुक यूजर को 10 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर लखनऊ का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। 2022 में भाजपा सरकार में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के साथ हुई एक घटना को अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है। मई 2022 में बेंगलुरु के गांधी भवन में एक प्रेस वार्ता के दौरान राकेश टिकैत के ऊपर स्याही फेंकी गई थी।
- Claim Review : कर्नाटक में कांग्रेस सरकार में किसान नेता राकेश टिकैत पर स्याही फेंकी गई।
- Claimed By : FB User Manish Singh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












