X
X

Fact Check : सीएम योगी की पुरानी तस्वीर अब मुख्तार अब्बास नकवी के घर ईद की मुबारकबाद देने के नाम पर वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। पड़ताल में पता चला कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ 10 नवंबर 2021 को मथुरा में ब्रज उत्सव में पहुंचे थे।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक तस्‍वीर वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि उन्‍होंने भाजपा के वरिष्‍ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के घर जाकर ईद की मुबारक दी। इस तस्‍वीर को ईद की समझकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। पड़ताल में पता चला कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ 10 नवंबर 2021 को मथुरा में ब्रज उत्सव में पहुंचे थे। उस वक्‍त उनके साथ मुख्‍तार अब्‍बास नकवी और हेमा मालिनी भी मौजूद थे। उस दौरान की तस्‍वीर को अब ईद से जोड़ते हुए गलत दावे के साथ वायरल किया गया।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर एसएन मिश्रा ने 3 अप्रैल को एक तस्‍वीर को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के घर जाकर ईद की मुबारकबाद देने और बेगम नकवी के हाथ की सिवैयां खा कर तोड़ा मुस्लिम विरोधी होने का मिथक।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने सीएम योगी की तस्‍वीर के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्‍तेमाल किया। इस तस्‍वीर को सर्च करने पर हमें इससे मिलती-जुलती तस्‍वीर इंडियन एक्‍सप्रेस की वेबसाइट पर मौजूद एक खबर में मिली। 11 नवंबर 2021 की इस खबर में तस्‍वीर के साथ बताया गया, “उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और सांसद हेमा मालिनी बुधवार को वृंदावन में ‘हुनर हाट’ में।”

सर्च के दौरान कार्यक्रम की तस्‍वीरें हमें मुख्‍तार अब्‍बास नकवी के फेसबुक हैंडल पर भी मिलीं। 10 नवंबर 2021 को इन तस्‍वीरों को अपलोड किया गया था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल कीवर्ड सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया गया। टाइम्‍स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 11 नवंबर 2021 की खबर में बताया गया कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ 10 नवंबर 2021 को मथुरा में ब्रज उत्सव और हुनर हाट के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। उस वक्‍त उनके साथ मुख्‍तार अब्‍बास नकवी और हेमा मालिनी भी मौजूद थे।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, मथुरा के जिला प्रभारी विनीत मिश्र से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्‍यमंत्री 10 नवंबर 2021 को एक कार्यक्रम में मथुरा आए थे। वायरल तस्‍वीर उसी वक्‍त की है।

पड़ताल के अंत में फर्जी दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि एसएन मिश्रा नाम के यूजर को सात सौ से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ 10 नवंबर 2021 को मथुरा में ब्रज उत्सव और हुनर हाट के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। उस वक्‍त उनके साथ मुख्‍तार अब्‍बास नकवी और हेमा मालिनी भी मौजूद थे। पुरानी तस्वीर को मुख्तार अब्बास नकवी के घर ईद की मुबारकबाद देने के नाम पर वायरल किया गया है।

  • Claim Review : योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के घर जाकर ईद की मुबारकबाद देने और बेगम नकवी के हाथ की सिवैयां खा कर तोड़ा मुस्लिम विरोधी होने का मिथक।
  • Claimed By : FB User S.N. Mishra
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later