Fact Check : महिला दिवस के मौके पर मीशो के नाम से वायरल हुआ फर्जी गिफ्ट का लिंक
मीशो के नाम से वायरल लिंक को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल लिंक फर्जी है और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Mar 8, 2025 at 04:44 PM
- Updated: Mar 8, 2025 at 04:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर शॉपिंग वेबसाइट मीशो के नाम से एक लिंक तेजी से वायरल हो रहा है। लिंक को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि महिला दिवस के मौके पर मीशो सभी को गिफ्ट्स दे रहा है। लिंक पर क्लिक कर गिफ्ट्स पाया जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल लिंक फर्जी है और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर इस तरह से क्लिक नहीं करना चाहिए।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर विजय सहनी ने 1 मार्च 2025 को वायरल लिंक को शेयर किया था। लिंक पर लिखा हुआ है, मीशो- महिला दिवस के मौके पर गिफ्ट।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
अन्य यूजर भी इस लिंक को शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली। हमने मीशो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला,लेकिन हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने लिंक को गौर किया। हमने पाया कि लिंक का यूआरएल meshuwd.cyou है, जबकि मीशो की आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल मीशो डॉट कॉम है।
हमने सॉफ्टवेयर टूल की मदद से लिंक पर क्लिक किया। हमारे सामने मीशो से मिलती-जुलती एक वेबसाइट खुलकर सामने आ गई। इसके बाद हमसे हमारी निजी जानकारी मांगी गई। इसके बाद हमारे सामने एक पेज खुलकर सामने आ गया, जिस पर लिखा हुआ था कि आपने 6 हजार रुपये का कैश प्राइज जीता है। इसके तुरंत बाद हमारे सामने एक और पेज खुलकर आया, जिस पर लिखा हुआ था प्राइज पाने के लिए इसे 5 ग्रुप और 20 दोस्तों के साथ शेयर करें। हमने सेफ्टी टूल्स की मदद से वेबसाइट पर क्लिक किया था। हम यूजर को अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह देते हैं।


हमने वेबसाइट के बारे में और जानने के लिए whois पर चेक किया। हमने पाया कि इस वेबसाइट को प्राइवेट यूजर द्वारा मार्च 2025 में बनाया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि इस तरह के ऑफर के लालच में आकर किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिये। अपनी निजी जानकारी इस तरह के अनजान लिंक पर शेयर न करें। हमेशा यूआरएल की जांच करें।
अंत में हमने फर्जी लिंक को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को मुंबई का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मीशो के नाम से वायरल लिंक को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल लिंक फर्जी है और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर इस तरह से क्लिक नहीं करना चाहिए।
- Claim Review : महिला दिवस के मौके पर मीशो दे रहा है गिफ्ट।
- Claimed By : FB User Vijay Sahani
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












