Fact Check: मकर संक्रांति से जोड़कर वायरल किया जा रहा फर्जी रिचार्ज ऑफर का दावा
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मकर संक्रांति के नाम से फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। फ्री रिचार्ज के नाम से क्लिकबेट वेबसाइट का लिंक वायरल हो रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jan 14, 2026 at 02:14 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो के माध्यम से दावा किया जा रहा है कि मकर संक्रांति की खुशी में 3 महीने का रिचार्ज फ्री दिया जा रहा है और इसके लिए बायो में दिए लिंक पर क्लिक करने को कहा जा रहा है।
विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा झूठा साबित हुआ। यह लिंक फर्जी है। इस तरह के लिंक भेजकर अपराधी साइबर फ्रॉड करते हैं। इनसे सचेत रहें।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर Gyan Mobile ने 10 जनवरी 2026 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मकर संक्रांति धमाका ऑफर में तीन महीने का फ्री रिचार्ज। इस मकर संक्रांति पर सभी लोगों से मिलेगा तीन-तीन महीने का फ्री रिचार्ज।” वीडियो में महिला कह रही है कि यूजर की प्रोफाइल के बायो में मौजूद लिंक पर क्लिक कर किसी भी कंपनी का सिम रिचार्ज किया जा सकता है।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
पड़ताल शुरू करते हुए हमने सबसे पहले पोस्ट में बताये गए मोबाइल फोन ऑपरेटर्स की वेबसाइट्स और सोशल मीडिया को जांचा। हमें कहीं भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिसमें इस तरह के फ्री रिचार्ज दिए जाने की बात कही गई हो।
इस पेज के प्रोफाइल में मौजूद लिंक ऐड वेबसाइट का लिंक है, जहां अलग अलग चीजों के ऐड दिए गए हैं। यहाँ कहीं भी हमें वायरल वीडियो में बताया गया ऑफर नहीं मिला।
हमने इस मामले की पुष्टि के लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और राजस्थान सरकार की लोक शिकायत समिति के पूर्व आईटी कंसल्टेंट आयुष भारद्वाज से संपर्क किया। लिंक की जांच करने के बाद, भारद्वाज ने पुष्टि की यह एक क्लिकबेट लिंक है। उन्होंने बताया, “ऐसे क्लिकबेट से आपके मोबाइल डिवाइस में मैलवेयर आ सकता है, जिससे हमलावर संभावित रूप से नियंत्रण हासिल कर सकते हैं।”
वीडियो AI से बना हुआ लग रहा है, इसलिए हमने AI वीडियो डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन का इस्तेमाल करके इसकी जांच की। टूल ने पाया कि वीडियो के AI से बने होने की संभावना 99.6 प्रतिशत है।

इसके बाद होने हमने वीडियो में इस्तेमाल ऑडियो को एडवांस ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन वाली स्विस डीप-टेक कंपनी, Aurigin.ai की मदद से चेक किया। टूल ने ऑडियो के AI द्वारा निर्मित होने की 100 प्रतिशत संभावना जताई।

अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर Gyan Mobile के 2 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मकर संक्रांति के नाम से फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। फ्री रिचार्ज के नाम से क्लिकबेट वेबसाइट का लिंक वायरल हो रहा है।
- Claim Review : मकर संक्रांति की खुशी में 3 महीने का रिचार्ज फ्री दिया जा रहा है
- Claimed By : FB User Gyan Mobile
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












