X
X

Fact Check : मध्य प्रदेश के देवास में मुस्लिम महिला की हत्‍या से जुड़ा सांप्रदायिक दावा गलत है

वायरल वीडियो देवास का ही है। लेकिन आरोपी और पीड़ित महिला एक ही समुदाय के हैं। इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। युवती मुस्लिम नहीं थी।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर 28 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों को देखा जा सकता है। इसके अलावा फ्रीज के बाहर एक शव को भी देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मध्‍य प्रदेश के देवास में एक हिंदू व्‍यक्ति और मुस्लिम लड़की ने भागकर शादी की। फिर हिंदू शख्‍स ने मुस्लिम लड़की की हत्‍या कर दी।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट के दावे की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। वायरल वीडियो देवास का ही है। लेकिन आरोपी और पीड़ित महिला एक ही समुदाय के हैं। इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। युवती मुस्लिम नहीं थी।

क्‍या हो रहा है वायरल

MD Rashid Pathan नाम के एक फेसबुक यूजर ने 28 जनवरी को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “मामला मध्यप्रदेश के देवास की घटना है ये। हिन्दू संजय पाटीदार और मुस्लिम लड़की गुलनाज भागकर शादी की थी। किराये का रूम लेकर रहते थे। 4 दिन से रूम बंद था। लोगों ने दरवाजा तोड़कर सब चेक किया तो गुलनाज की लाश के टुकड़े फ्रिज में रखे मिले।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स इसे समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। कीवर्ड के आधार पर सर्च करने पर हमें कई न्‍यूज वेबसाइट पर संबंधित वीडियो से जुड़ी खबरें मिलीं।

भास्‍कर डॉट कॉम पर पब्लिश खबर में बताया गया, “देवास में वृंदावन धाम कॉलोनी में एक मकान से जिस महिला की फ्रिज में लाश मिली उसे पड़ोसियों ने 1 मार्च 2024 से नहीं देखा था। महिला के कथित पति संजय पाटीदार ने हत्या के बाद फ्रिज में लाश छिपाई और लोगों से झूठ बोलता रहा। पड़ोसी जब भी उससे पत्नी के बारे में पूछते तो वह कहता कि उसकी मां को अटैक आया है। वह मायके गई हुई हैं। प्रतिभा प्रजापति खाटू श्याम की भक्त थी। हर एकादशी पर अमृतनगर स्थित मंदिर में जाती थी। ये संयोग ही रहा कि उसका शव भी एकादशी तिथि पर ही फ्रिज में मिला।”

भास्‍कर डॉट कॉम की खबर में आगे बताया गया, “महिला के लिवइन पार्टनर संजय पाटीदार ने दोस्‍त के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। शव फ्रिज में छिपाया था। पुलिस ने आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि बिजली बिल नहीं आए इसलिए मकान में रहने आए नए किराएदार ने फ्रिज बंद कर दिया था। इसी वजह से शव की बदबू आने लगी। फ्रिज खोलने पर उसमें शव होने की जानकारी सामने आई। प्रतिभा का एक भाई और माता-पिता हैं, जो उज्जैन के फ्रीगंज में रहते हैं। लव मैरिज के बाद से ही परिजनों ने उससे रिश्ता तोड़ दिया था।”

सर्च के दौरान हमें अमर उजाला डॉट कॉम पर भी एक खबर मिली। इस खबर को 10 जनवरी 2025 को प्रकाशित किया गया। इस खबर में महिला का नाम पिंकी उर्फ प्रतिभा बताया गया।

पड़ताल के दौरान वायरल वीडियो से मिलता जुलता वीडियो हमें टाइम्‍स नाउ नवभारत के यूट्यूब चैनल पर मिला। 11 जनवरी को अपलोड इस रिपोर्ट में बताया गया कि मध्‍य प्रदेश के देवास में एक मकान में फ्रिज के अंदर महिला की लाश मिलने की खबर आई। बताया जा रहा है कि मृतिका आरोपी के साथ शादी की इच्छा जता रही थी जिसके बाद आरोपी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि शव पिछले 10 महीने से फ्रिज में रखा हुआ था।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए नईदुनिया डिजिटल के अरविंद दुबे से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो का पूरा मामला देवास का है, लेकिन मृत महिला के मुस्लिम होने की बात गलत है। महिला का नाम पिंकी प्रजापति था।

पड़ताल के अंत में झूठा सांप्रदायिक दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि राशिद पठान नाम के इस यूजर को दो हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर हरियाणा के पलवल का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। मध्‍य प्रदेश के देवास में हुई हत्‍या के वीडियो को झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया गया।

  • Claim Review : देवास में हिंदू व्‍यक्ति ने मुस्लिम लड़की की हत्‍या की
  • Claimed By : FB User MD Rashid Pathan
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later