Fact Check : गोवंश के साथ आपत्तिजनक हरकत में पकड़े गए युवक का नाम अनुज है, वायरल पोस्ट भ्रामक
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। आरोपी युवक मुस्लिम नहीं है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 13, 2025 at 05:53 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर 25 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग एक अर्धनग्न युवक की पिटाई करते हुए देखे जा सकते हैं। दावा किया जा रहा है कि गाय के साथ दुष्कर्म करने पर एक मुस्लिम युवक की बजरंग दल वालों ने पिटाई की है।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। आरोपी युवक मुस्लिम नहीं है। वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम अनुज तांडी है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर शालिनी सनातनी साध्वी ने 9 जून को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “गाय के साथ दुष्कर्म किया। बजरंग दल के भाइयों ने उसी अवस्था में बिना कपड़े पहनाए चौराहे पर परेड करवाके तबियत से कुटाई की। हिंदुओं ऐसे हवस के पुजारी अब्दुल के साथ क्या करना चाहिए…”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। संबंधित खबरें हमें कई न्यूज वेबसाइट पर मिलीं। भास्कर डॉट कॉम पर वायरल वीडियो का इस्तेमाल करते हुए प्रकाशित खबर में बताया गया, “रायपुर में एक युवक के गौवंश से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। आसपास के लोगों ने युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसका वीडियो भी बना लिया। पूरा मामला अवंती विहार के खम्हारडीह थाना इलाके का है। आरोपी युवक का नाम अनुज तांडी है। कुकृत्य करने वाले आरोपी को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नग्न कर जुलूस निकाला। इसके बाद उसे खम्हारडीह पुलिस के हवाले कर दिया।”
इसी तरह 7 जून की खबर में आईबीसी24 की वेबसाइट पर पब्लिश खबर में लिखा गया, “मामला अवंती विहार के खम्हारडीह थाना इलाके का है जहां स्कूल मैदान में गौ माता के साथ दुष्कर्म करता युवक को लोगों ने पकड़ा है। आरोपी युवक का नाम अनुज तांडी है। घटना के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने इलाके में युवक को नग्न कर जुलूस निकालकर नारे लगवाएं और पुलिस के हवाले किया। जिसके बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुटी।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए नईदुनिया, रायपुर के क्राइम रिपोर्टर दीपक शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को लेकर कहा कि आरोपी युवक गोवंश के साथ आपत्तिजनक हरकत कर रहा था। इसका नाम अनुज तांडी है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि गोवंश के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ाया युवक का नाम अनुज तांडी है। युवक मुस्लिम नहीं है।
- Claim Review : मुस्लिम युवक ने किया गाय के साथ दुष्कर्म
- Claimed By : FB User Shalini Sanatani
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












