X
X

Fact Check: मुस्लिम युवक पर लाठीचार्ज का यह वीडियो बंगाल का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है

बांग्लादेश में प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के पुराने वीडियो को बंगाल चुनाव नतीजों के बाद का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

Bangladesh viral video, Muslim man assault video, West Bengal Viral Video, West Bengal News, Bangladesh News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। वहीं, चुनाव नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिसकर्मियों को एक मुस्लिम युवक पर लाठीचार्ज करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बंगाल में भाजपा की जीत के बाद इस मुस्लिम युवक पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है और पुराना है। वहां फरवरी 2026 में छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के मामले में प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया था। उसी दौरान के वीडियो को अब बंगाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर ‘mohd Asif Abbas’ ने 7 मई 2026 को वायरल वीडियो को बंगाल से जोड़ते हुए शेयर (आर्काइव लिंक) किया।

फेसबुक यूजर ‘Mohd Tosif’ ने भी 7 मई 2026 को इस वीडियो को बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद का बताकर पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया और लिखा,, “बंगाल में ये हाल हो चुके है मुस्लिम लोगों के, बीजेपी की जीत होते ही आतंक शुरू।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स निकालकर उन्हें गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘mobile_photography__bd‘ ने इस वीडियो को 6 फरवरी 2026 को उस्मान हादी के हैशटैग के साथ अपलोड किया था।

इससे यह साबित हो गया कि वायरल वीडियो बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले का है।

फेसबुक यूजर ‘Robi’s BCS Academy‘ ने भी 6 फरवरी 2026 को इस वीडियो को हादी समर्थकों पर लाठीचार्ज का बताकर पोस्ट किया था।

फेसबुक यूजर ‘BD Cricket Score Update 2.0‘ ने 7 मई 2026 को इस वीडियो को पोस्ट कर युवक का नाम साजिद बताया।

यूट्यूब चैनल ‘VERTEX’ पर 8 फरवरी 2026 को एक वीडियो न्यूज अपलोड हुई। इसमें पुलिस प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करते हुए दिख रही है। इस वीडियो न्यूज के अनुसार, बांग्लादेश की राजधानी ढाका में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी के लिए इंसाफ की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई झड़पें हुईं। शाहबाग में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस और ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। इसमें 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बता दें कि हादी अगस्त 2024 में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हुए आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे।

यूट्यूब चैनल के वीडियो और बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद पुलिस के लाठीचार्ज का दावा करने वाले वायरल वीडियो में लोकेशन की समानता देखी जा सकती है।

इस बारे में हमने बांग्लादेश के न्यूज पोर्टल ‘प्रोबाश टाइम्स’ के स्थानीय समाचार संपादक अराफात से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का एक पुराना वीडियो है।

क्या है संदर्भ?

पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल 2026 को विधानसभा के लिए हुए मतदान के नतीजे 4 मई को आए थे। इसमें भाजपा की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी बंगाल के सीएम बने हैं। बीबीसी की 9 मई 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, शुभेंदु के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसमें अकाउंट की लोकेशन साउथ एशिया दी गई है, जबकि यूजर ने अपनी लोकेशन बरेली, उत्तर प्रदेश दी है। जनवरी 2022 में बने इस अकाउंट के 5300 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बांग्लादेश में प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के पुराने वीडियो को बंगाल चुनाव नतीजों के बाद का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।   

  • Claim Review : बंगाल में भाजपा की जीत के बाद मुस्लिम युवक पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।
  • Claimed By : X user- mohd Asif Abbas
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later