X
X

Fact Check: बच्चों पर कुत्ते के हमले का यह वीडियो भारत का नहीं, थाईलैंड में हुई पुरानी घटना है

दिल्ली के रोहिणी में कुत्ते के हमले के दावे से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो भारत का नहीं, बल्कि थाईलैंड में करीब तीन साल पहले हुई घटना का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बच्चों के साथ टहलती महिला का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला बच्चों के साथ टहल रही होती है। तभी सामने से एक घर से कुत्ता बाहर निकल कर आता है और बच्चों पर हमला कर देता है। इस वीडियो को दिल्ली के रोहिणी इलाके में हुई घटना का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो भारत का नहीं, बल्कि थाईलैंड में करीब तीन साल पहले हुई घटना का है। दरअसल, वीडियो में बच्चों के साथ नजर आ रही महिला उनकी देखरेख करने वाली आया है और वो दोनों बच्चों को बाहर घुमाने के लिए लेकर गई थी। तभी कुत्ते ने हमला कर दिया था। इसके बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसे गंभीर चोटें आई थी। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर सुनीता सिंह गौर ने 7 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “रोहिणी में आज यह दुर्घटना हुई है* *भयावह, भयंकर, भयानक, असहनीय, निरुत्तर* *Dog (कुत्ता) पालने वाले व्यक्तियों के लिए सजा होनी चाहिए या नहीं I* *उस बच्चे के परिवार वालों से पूछें कि उन पर क्या बीत रही है ?* जिनके बच्चे को कुत्ते ने नोच खाया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

नोट: वायरल वीडियो को देखना आपको विचलित कर सकता है।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे जुड़ी रिपोर्ट थाई पीबीएस नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली। रिपोर्ट को 22 जून 2022 को शेयर किया गया था। थाई भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, “वीडियो दक्षिण पटाया के एक गांव में हुई घटना का है। जहां पर पिटबुल ने दो साल के बच्चे पर हमला कर दिया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई और 200 से ज्यादा टांके लगाने पड़े थे।”

थाई वेबसाइट टीएनए पर 22 जून 2022 को थाई भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “घटना 20 जून को चोनबुरी प्रांत के बांग लामुंग जिले के एक गांव में हुई थी। बच्चों की देखभाल करने वाली महिला दोनों बच्चों को घुमाने ले गई थी और वो सड़क पर घूम रहे थे। तभी वहां पर एक घर से महिला कचरा डालने के लिए बाहर निकली और उसका कुत्ता भी साथ में ही बाहर आ गया। फिर उसने बच्चे पर हमला कर दिया। नैनी और वहां से गुजर रहे कई अन्य लोगों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की। लेकिन कुत्ता लगातार बच्चे पर हमला करता रहा। काफी कोशिश के बाद कुत्ते ने बच्चे को छोड़ा। पिटबुल का वजन करीब 70 किलोग्राम से अधिक था। इस हमले में बच्चे को गंभीर चोटें आई थी और 200 से अधिक टांके लगे थे। बच्चे को पटाया सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पटाया पुलिस स्टेशन में बच्चों के माता-पिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।”

अधिक जानकारी के लिए हमने वेस्ट दिल्ली दैनिक जागरण के रिपोर्टर गौतम मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो दिल्ली का नहीं है। यहां पर ऐसा कोई मामला फिलहाल सामने नहीं आया है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को आठ हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली की रहने वाली बताया है। यूजर एक विचारधारा से प्रेरित पोस्ट को शेयर करती है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली के रोहिणी में कुत्ते के हमले के दावे से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो भारत का नहीं, बल्कि थाईलैंड में करीब तीन साल पहले हुई घटना का है। दरअसल, वीडियो में बच्चों के साथ नजर आ रही महिला उनकी देखभाल करने वाली आया है और वो दोनों बच्चों को बाहर घुमाने के लिए लेकर गई थी। तभी कुत्ते ने हमला कर दिया था। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसे गंभीर चोटें आई थी। 

  • Claim Review : दिल्ली के रोहिणी में बच्चे पर कुत्ते ने किया हमला।
  • Claimed By : FB User Sunita Singh Gaur
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later