X
X

Fact Check : पुणे के राहुल जगताप की तस्वीरों का दुरुपयोग करके झूठा सांप्रदायिक दावा वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह पूरी तरह फर्जी और सांप्रदायिक साबित हुई। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर पांच तस्‍वीरों के एक कोलाज के बहाने मुसलमानों पर निशाना साधा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि हरियाणा के एक मुस्लिम शख्‍स ने अपनी पोती को गर्भवती कर दिया। इस दावे को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। तस्‍वीर में एक शख्‍स को एक युवती के साथ देखा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह पूरी तरह फर्जी और सांप्रदायिक साबित हुई। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। तस्‍वीर में दिख रहे शख्‍स का नाम राहुल जगताप है। वायरल कोलाज में इस्‍तेमाल की गईं तस्‍वीरें उनकी एक रील से ली गई हैं। राहुल एक आर्टिस्ट हैं। वे पुणे में रहते हैं।

क्‍या हो रहा है वायरल

साक्षी सिंह नाम की एक फेसबुक प्रोफाइल से 27 जुलाई को एक कोलाज को पोस्‍ट करते हुए दावा किया गया, “हरियाणा के रहने वाले मुशर्रफ़ खान ने अपनी ही पोती को प्रेग्नेंट कर दिया। बेटे बहु को खोने के बाद मुशर्रफ़ खान ने हीं अपनी पोती की परवरिश की थी। लेकिन जब पोती जवान हुई तब उसकी खूबसूरती पर दादा की नियत फिसल गई और उसने उसके साथ संबंध बनाकर उसको प्रेग्नेंट कर दिया।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए सबसे पहले तस्‍वीर को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें राहुल जगताप नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल पर एक रील मिली। इसे पांच जून को अपलोड किया गया था। साथ में काब्‍या नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल को भी इसमें टैग किया गया था।

यहां मौजूद रील को ध्‍यान से देखने में समझ में आया कि इसका ही यूज करके वायरल कोलाज बनाया गया है। राहुल जगताप को इंस्‍टाग्राम पर 17 लाख से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर की प्रोफाइल के अनुसार, वे आर्टिस्ट हैं। ।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए दावे को सर्च किया । हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की सत्‍यता की पुष्टि करती हो।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पुणे के वरिष्‍ठ पत्रकार दिवाकर शर्मा से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो में दिख रहे शख्‍स का नाम राहुल जगताप है। वे एक कंटेंट क्रिएटर हैं।

पड़ताल के अंत में हमनेसाक्षी सिंह नाम की प्रोफाइल की जांच की । इसे पांच लाख से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यहां हमें कई आपत्तिजनक कंटेंट दिखा। इससे ज्‍यादा जानकारी इस पेज पर नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में पता चला कि पुणे के कंटेंट क्रिएटर राहुल जगताप की एक रील का दुरुपयोग करके वायरल पोस्‍ट तैयार की गई है। वायरल कोलाज के साथ लिखा गया दावा पूरी तरह बेबुनियाद और सांप्रदायिक है।

  • Claim Review : हरियाणा के रहने वाले मुशर्रफ़ खान ने अपनी ही पोती को प्रेग्नेंट कर दिया।
  • Claimed By : FB User Sakshi Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later