Fact Check: हरियाणा के मनीषा मामले का बताकर एक अन्य टीचर के वीडियो वायरल
हरियाणा के भिवानी में मनीषा की मौत मामले में लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो सोनीपत की मनीषा के हैं। इनका भिवानी मामले से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 23, 2025 at 05:01 PM
- Updated: Sep 1, 2025 at 02:39 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा के भिवानी की मनीषा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें एक युवती को दिखाया गया है। कुछ यूजर्स वीडियो में दिख रही युवती को भिवानी की मनीषा बता रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो हरियाणा के सोनीपत के एक स्कूल में टीचर मनीषा के हैं। इनका भिवानी की मनीषा से कोई संबंध नहीं है। सोनीपत की मनीषा ने अपने इंस्टा हैंडल पर वीडियो पोस्ट कर इस तरह से उनके वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर नहीं करने की अपील की है।
वायरल पोस्ट
इंस्टा यूजर offical___girl__065 (आर्काइव लिंक), mani.sharani764 (आर्काइव लिंक) और jagdeepsingh222222 (आर्काइव लिंक) ने भिवानी के मनीषा का बताते हुए वीडियो को पोस्ट किया।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने पहले मनीषा मामले के बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया। 23 अगस्त को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, भिवानी के गांव ढाणी लक्ष्मण की महिला टीचर मनीषा 11 अगस्त को प्ले स्कूल की छुट्टी के बाद लापता हो गई थी। 13 अगस्त को सिंघानी गांव के खेतों में उसका शव मिला था। इस मामले में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद शव की तीसरी बार दिल्ली एम्स में पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। केस सीबीआई को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

20 अगस्त को दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर एक खबर छपी है, जिसके मुताबिक, सोशल मीडिया पर यूजर्स भिवानी की मनीषा समझकर सोनीपत की मनीषा को श्रद्धांजलि देने लगे। लोग सोशल मीडिया पर सोनीपत की मनीषा के फोटो और वीडियो शेयर कर रहे हैं। इससे परेशान होकर सोनीपत की मनीषा ने वीडियो पोस्ट कर लोगों से उनके वीडियो शेयर नहीं करने की अपील की है।

इसके बाद हमने सोनीपत की मनीषा का इंस्टा हैंडल सर्च किया। उनके इंस्टा अकाउंट siya_rani_2909 पर हमें पहला वायरल वीडियो मिला, जिसे 2 अगस्त को पोस्ट किया गया है।
दूसरे वीडियो को इस अकाउंट से 1 अगस्त और तीसरे वीडियो को 5 जून को पोस्ट किया गया है।
इसी हैंडल से 19 अगस्त को एक वीडियो पोस्ट कर जानकारी दी गई है कि उनके वीडियो को भिवानी की मनीषा का बताकर शेयर किया जा रहा है। उन्होंने खुद को सोनीपत निवासी मनीषा शर्मा उर्फ सिया बताया।

इस बारे में हमने भिवानी में मनीषा मामले को कवर कर रहे दैनिक जागरण के रिपोर्टर शिव कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि ये वीडियो भिवानी की मनीषा के नहीं हैं।
सोनीपत की युवती का वीडियो मनीषा मामले से जोड़कर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर ने सोनीपत की मनीषा के कुछ अन्य वीडियो भी इस मामले से जोड़कर शेयर किए हैं।
निष्कर्ष: हरियाणा के भिवानी में मनीषा की मौत मामले में लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो सोनीपत की मनीषा के हैं। इनका भिवानी मामले से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : भिवानी के मनीषा के वीडियो।
- Claimed By : Insta User- offical___girl__065
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












