Fact Check : हरियाणा के रोहतक में दो माह पहले हादसे में जली थी एसडीएम की गाड़ी, मनीषा मामले में हुए प्रदर्शन से नहीं कोई संबंध
करीब दो माह पहले रोहतक में लोहारू के एसडीएम की गाड़ी में आग लग गई थी। उस हादसे का वीडियो मनीषा मामले में हुए प्रदर्शन से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 21, 2025 at 06:18 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा के भिवानी की टीचर मनीषा का शव मिलने के बाद जिले में प्रदर्शन चल रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में गाड़ी को जलते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को पोस्ट कर कुछ यूजर्स मनीषा मामले में हुए विरोध-प्रदर्शन से जोड़कर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला है कि करीब दो माह पहले लोहारू के एसडीएम की गाड़ी में आग लग गई थी। एसडीएम और ड्राइवर ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई थी। उस हादसे का वीडियो मनीषा मामले से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर real_haryana_2.3m ने 20 अगस्त को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “लोहारू SDM की गाड़ी बनी आग का गोला”।
वीडियो पर लिखा है, “बहन मनीषा को इंसाफ मिलना चाहिए, ये तो अभी शुरुआत है सीएम साहब, लोहारू एसडीएम की गाड़ी बनी आग का गोला”।

पड़ताल
वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे हमने गूगल लेंस से चेक किया। 15 जून को लाइव हिन्दुस्तान में छपी खबर में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट का प्रयोग किया गया है। खबर के अनुसार, हरियाणा के रोहतक जिले में लोहारू के एसडीएम मनोज कुमार की चलती गाड़ी में अचानक आग लग गई। एसडीएम और ड्राइवर ने गाड़ी से कूदकर जान बचाई। यह घटना कलानौर-भिवानी मार्ग पर खैरड़ी मोड़ के पास हुई थी।

15 जून को ईटीवी भारत की वेबसाइट पर छपी खबर में भी इस हादसे के बारे में पढ़ा जा सकता है।
इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो एसडीएम की गाड़ी जलने के हादसे का है।
21 अगस्त को नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, भिवानी के लोहारू में टीचर मनीषा का शव मिलने के बाद तनाव फैल गया था। करीब आठ दिन से चल रहे प्रदर्शन के बाद 21 अगस्त की सुबह मनीषा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीसरा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया गया था। अंतिम यात्रा के समय स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई थी। बता दें कि मनीषा 11 अगस्त को घर से स्कूल के लिए निकली थी। 13 को उसका शव सिंघानी गांव के पास नहर के किनारे खेत में मिला था। भिवानी अस्पताल में हुए शुरुआती पोस्टमार्टम में हत्या की आशंका जताई गई थी। मामले में विरोध बढ़ने पर लापरवाही बरतने के आरोप में भिवानी एसपी और पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था। हालांकि, पुलिस ने 18 अगस्त को दावा किया कि मनीषा ने सुसाइड किया है।

इस बारे में हमने भिवानी में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर शिव कुमार से बात की। उनका कहना है कि करीब दस दिन से चल रहे प्रदर्शन के दौरान कोई भी हिंसक घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।
पुराना वीडियो मनीषा मामले से जोड़कर शेयर करने वाले यूजर के 4800 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: करीब दो माह पहले रोहतक में लोहारू के एसडीएम की गाड़ी में आग लग गई थी। उस हादसे का वीडियो मनीषा मामले में हुए प्रदर्शन से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : मनीषा मामले में हुए प्रदर्शन में एसडीएम की गाड़ी जला दी।
- Claimed By : Insta User- real_haryana_2.3m
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












