Fact Check: पंजाब बाढ़ का नहीं है महिला और बच्चे का यह वीडियो, मनगढ़ंत कहानी के साथ हो रहा वायरल
पानी में महिला के शरीर को खींचते हुए बच्चे के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो स्क्रिप्टेड है। सोशल मीडिया क्रिएटर आरती गंगवार ने इस वीडियो को अपनी प्रोफाइल पर शेयर किया था, जिसे अब लोग गलत दावे के साथ वायरल कर रहे हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 9, 2025 at 04:20 PM
- Updated: Sep 9, 2025 at 05:06 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पानी में बहती हुई एक महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला का शरीर पानी में बह रहा है और एक छोटा-सा बच्चा उसे खींच रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पंजाब में आई बाढ़ का है। जहां पर बाढ़ के कारण बच्चे ने अपनी मां को खो दिया और अब उनके शव को खींचकर पानी से बाहर लाने की कोशिश कर रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो स्क्रिप्टेड है। उत्तर प्रदेश की जहानाबाद की सोशल मीडिया क्रिएटर आरती गंगवार ने इस वीडियो को अपनी प्रोफाइल पर शेयर किया था, जिसे अब लोग गलत दावे के साथ वायरल कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘सत्यमेव जयते’ ने 8 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इस बच्चे को ये भी नहीं पता कि इसकी मां जिंदा है भी या नहीं…! बस खींचता चला जा रहा है। पंजाब में हालात बहुत ही ज्यादा ख़राब हो गए है। बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई हुई है। सरकार चुनाव में व्यस्त है। आप कुछ नहीं कर सकते तो पंजाब के लिए दुआ ही कर लो।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट इंस्टाग्राम यूजर adv.amitsgnr के अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 8 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। पोस्ट में महिला को पीलीभीत निवासी आरती गंगवार नाम की एक कंटेंट क्रिएटर बताया गया है, वह इसी तरह की फर्जी वीडियो शेयर करती है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने आरती गंगवार के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें आरती गंगवार का फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट मिला। अकाउंट पर हमें वायरल वीडियो जैसे मिलते-जुलते कई वीडियो मिले।

अधिक जानकारी के लिए हमने पीलीभीत जहानाबाद के एसएचओ प्रदीप कुमार बिश्नोई से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो में नजर आ रही महिला कंटेंट क्रिएटर आरती गंगवार है और वो जहानाबाद की रहने वाली है। यह वीडियो काफी दिनों से गलत जानकारी के साथ वायरल हो रहा था। हमने वीडियो को डिलीट करवा दिया है और लड़की को समझाया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर पीलीभीत का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पानी में महिला के शरीर को खींचते हुए बच्चे के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो स्क्रिप्टेड है। सोशल मीडिया क्रिएटर आरती गंगवार ने इस वीडियो को अपनी प्रोफाइल पर शेयर किया था, जिसे अब लोग गलत दावे के साथ वायरल कर रहे हैं।
- Claim Review : पंजाब में आई बाढ़ में एक बच्चा अपनी मां के शव को ले जाते हुए।
- Claimed By : FB User सत्यमेव जयते
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












